google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSबरेली पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

बरेली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को बरेली पहुंचे। मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर पुलिस लाइन में उतरने का कार्यक्रम निर्धारित था। उनके आगमन को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मुख्यमंत्री यहां बरेली जोन के 5100 ग्राम प्रहरियों (चौकीदारों) को संबोधित करेंगे। प्रदेश सरकार ने ग्राम प्रहरियों का मासिक मानदेय 2500 रुपये से बढ़ाकर 3500 रुपये कर दिया है। इस फैसले से प्रदेश के करीब 70 हजार ग्राम प्रहरियों को लाभ मिलेगा। मानदेय वृद्धि का शासनादेश सोमवार को ही जारी कर दिया गया था।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बरेली और मुरादाबाद मंडल के नौ जिलों से करीब 5100 ग्राम प्रहरियों को आमंत्रित किया गया है। पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ग्राम प्रहरियों से संवाद करेंगे और मानदेय वृद्धि की जानकारी देंगे। कार्यक्रम में शामिल होने वाले ग्राम प्रहरियों के आवागमन, भोजन और बैठने की व्यवस्था पुलिस-प्रशासन की ओर से की गई है।

बरेली क्लब में शिक्षकों से करेंगे संवाद

पुलिस लाइन में कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सर्किट हाउस पहुंचेंगे, जहां करीब एक घंटे विश्राम का कार्यक्रम है। इसके बाद दोपहर दो बजे बरेली क्लब में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां मुख्यमंत्री शिक्षक एमएलसी सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो के समर्थन में शिक्षकों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य धर्मपाल सिंह और श्रुति गंगवार समेत कई मंत्री, विधायक और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री का दोपहर तीन बजे पुलिस लाइन से हेलिकॉप्टर के जरिए लखनऊ रवाना होने का कार्यक्रम है।

140 बसों से सात हजार लाभार्थियों को लाने की तैयारी

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के करीब सात हजार लाभार्थियों को शामिल कराने की तैयारी की गई है। इसके लिए प्रशासन ने 140 बसों की व्यवस्था की है। प्रत्येक बस में करीब 50 लाभार्थियों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया जाएगा।डीपीआरओ कमल किशोर के अनुसार, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं समेत विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को कार्यक्रम में शामिल कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री की सुरक्षा में 2100 पुलिसकर्मी तैनात

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर बरेली में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। करीब 2100 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा पांच कंपनी पीएसी भी तैनात की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था में 10 एएसपी, 20 सीओ, 50 इंस्पेक्टर और थाना प्रभारी, 180 उपनिरीक्षक, 1500 हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल तथा 200 महिला कांस्टेबल शामिल हैं। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पांच ट्रैफिक इंस्पेक्टर, 22 ट्रैफिक उपनिरीक्षक और 120 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा ने अधिकारियों को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं।

आपात स्थिति के लिए चार सेफ हाउस बनाए

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट है। कार्यक्रम स्थल के अलावा जिला अस्पताल, मिशन अस्पताल और गंगाचरण अस्पताल में सेफ हाउस बनाए गए हैं। सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह के अनुसार, आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। मुख्यमंत्री के काफिले के साथ सरकारी एंबुलेंस भी मौजूद रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *