google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSबरेली में ग्राम प्रहरियों को सम्मानित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधि और अधिकारी।

बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बरेली के पुलिस लाइन मैदान में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम प्रहरियों (चौकीदारों) को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर कहा कि उत्तर प्रदेश अब पूरी तरह बदल चुका है और बरेली इसका बड़ा उदाहरण है। वर्ष 2017 से पहले त्योहारों के दौरान उपद्रव और अशांति का माहौल रहता था, लेकिन अब लोग बिना किसी भय के अपने त्योहार मना रहे हैं। मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रहरियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि गांवों में अपराध और अपराधियों की गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने में ग्राम प्रहरी अहम कड़ी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सुरक्षा का माहौल बनने से आम जनता का विश्वास बढ़ा है। आज लोग निडर होकर घरों से निकल रहे हैं और धार्मिक आयोजनों में शामिल हो रहे हैं। शारदीय नवरात्र के दौरान प्रदेशभर में श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में देवी मां के दर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले कुछ लोगों की गलत गतिविधियों का खामियाजा प्रदेश के 25 करोड़ लोगों को भुगतना पड़ता था। युवाओं और व्यापारियों के सामने पहचान का संकट था, लेकिन अब उत्तर प्रदेश की छवि देश और दुनिया में बदल चुकी है।

ग्राम प्रहरियों का मानदेय बढ़ाकर 3500 रुपये, 70 हजार को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बरेली और मुरादाबाद मंडल के नौ जिलों से करीब 5100 ग्राम प्रहरियों को बुलाया गया। ग्राम प्रहरियों का मासिक मानदेय 2500 रुपये से बढ़ाकर 3500 रुपये करने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में शासनादेश भी जारी हो चुका है। मानदेय में एक हजार रुपये की बढ़ोतरी का लाभ प्रदेश के करीब 70 हजार ग्राम प्रहरियों को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने में ग्राम प्रहरियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। गांव में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों, अपराधियों की आवाजाही और आपराधिक घटनाओं की जानकारी समय रहते पुलिस तक पहुंचाने से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकता है।

बेटियों से गुस्ताखी करने वालों को सीएम योगी की चेतावनी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपराधियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि प्रदेश में अब अपराधियों के भीतर कानून का डर है। उन्होंने कहा कि पहले जो रहनुमा थे, वही चोर थे, लेकिन अब व्यवस्था बदल चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर कोई बेटियों से गुस्ताखी करता है तो अगले चौराहे पर उसका यमराज इंतजार कर रहे होते हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के आधार पर प्रदेश आगे बढ़ रहा है। बेहतर कानून व्यवस्था के कारण निवेश बढ़ रहा है, सड़कों का निर्माण हो रहा है और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। लोगों के मन में विश्वास पैदा हुआ है कि वे सुरक्षित वातावरण में अपना भविष्य बेहतर बना सकते हैं।

ग्राम प्रहरियों के योगदान पर दिखाई गई शॉर्ट फिल्म

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार सुबह करीब 11:20 बजे हेलिकॉप्टर से बरेली पुलिस लाइन मैदान पहुंचे। यहां जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद और पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रहरियों के योगदान और उनकी जिम्मेदारियों पर आधारित एक शॉर्ट फिल्म दिखाई गई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किया। डीजीपी राजीव कृष्ण ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में ग्राम प्रहरियों के योगदान की सराहना की।

धर्मपाल सिंह ने पीडीए को लेकर सपा पर साधा निशाना

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री एवं नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद धर्मपाल सिंह ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने पीडीए की नई व्याख्या करते हुए कहा कि पी का मतलब पहली बार वर्ष 2017 में भाजपा की प्रचंड बहुमत से सरकार बनी। डी का मतलब दूसरी बार भाजपा की सरकार बनी और ए का मतलब अगली बार वर्ष 2027 में भी भाजपा की सरकार बनेगी। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर, वन मंत्री अरुण कुमार, सांसद छत्रपाल गंगवार, राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार और महापौर उमेश गौतम समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

बरेली क्लब में शिक्षकों से संवाद करेंगे मुख्यमंत्री

पुलिस लाइन में ग्राम प्रहरियों के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री का बरेली क्लब मैदान में शिक्षकों की जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया। यहां वह शिक्षक एमएलसी सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो के समर्थन में शिक्षकों से संवाद करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सर्किट हाउस में करीब एक घंटे विश्राम के बाद दोपहर दो बजे बरेली क्लब पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर तीन बजे पुलिस लाइन से हेलिकॉप्टर द्वारा लखनऊ के लिए रवाना होंगे।

मुख्यमंत्री की सुरक्षा में 2100 पुलिसकर्मी और पांच कंपनी पीएसी तैनात

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए बरेली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। कार्यक्रम स्थलों और आसपास के इलाकों में करीब 2100 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए जोन के नौ जिलों से पुलिस बल बुलाया गया। इसके अलावा पांच कंपनी पीएसी भी तैनात की गईं। सुरक्षा ड्यूटी में 10 एएसपी, 20 सीओ, 50 इंस्पेक्टर और थाना प्रभारी, 180 उपनिरीक्षक, 1500 हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल तथा 200 महिला कांस्टेबलों को लगाया गया। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पांच ट्रैफिक इंस्पेक्टर, 22 ट्रैफिक उपनिरीक्षक और 120 यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा ने अधिकारियों को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *