google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSबरेली कॉलेज, बरेली

बरेली। बरेली कॉलेज में गणित विभाग के तीन शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। बीएससी के विद्यार्थियों के असाइनमेंट और आंतरिक मूल्यांकन से जुड़े मामले में प्रबंध समिति की पांच सदस्यीय जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। निलंबित शिक्षकों में गणित विभाग के पूर्व विभाग प्रभारी प्रो. स्वदेश सिंह, प्रो. पूनम सिंह और डॉ. हनुमान वर्मा शामिल हैं। तीनों पर असाइनमेंट जमा नहीं कराने और मूल्यांकन संबंधी कार्यों में अनियमितता के आरोप हैं।

पांच सदस्यीय जांच समिति की रिपोर्ट पर लिया गया निर्णय

मामले में प्रबंध समिति के सचिव की ओर से जारी पत्र के अनुसार, गणित विभाग के डॉ. आरिफ नवीन ने 15 जून को प्राचार्य को पत्र लिखकर बीएससी चतुर्थ और षष्ठम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के असाइनमेंट जमा नहीं होने की शिकायत की थी। इसके बाद प्रकरण की जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित की गई थी। समिति के अध्यक्ष प्रो. सुभाष मेहरा ने जांच पूरी होने के बाद अपनी रिपोर्ट प्रबंध समिति सचिव को सौंप दी। रिपोर्ट के आधार पर प्रबंध समिति ने बैठक बुलाकर मामले पर विचार किया और सर्वसम्मति से तीनों शिक्षकों को निलंबित करने का निर्णय लिया।

मूल्यांकन प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप

शिकायत में बताया गया था कि विद्यार्थियों के आंतरिक मूल्यांकन से जुड़े असाइनमेंट जमा कराने और उनके अंक निर्धारित करने की प्रक्रिया में अनियमितताएं सामने आई थीं। आरोप है कि असाइनमेंट का मूल्यांकन किए बिना ही अंक पोर्टल पर चढ़ाए जा रहे थे। प्रो. स्वदेश सिंह ने इस मामले में अपना पक्ष रखते हुए कहा कि विद्यार्थियों के असाइनमेंट जमा होते हैं और उन्हें पढ़कर अलग सूची में कोडिंग के आधार पर अंक दर्ज किए जाते हैं। उनके अनुसार, बीएससी तृतीय सेमेस्टर के लगभग 1408 से 1500 असाइनमेंट जमा होते हैं। उनका कहना है कि कुछ विद्यार्थियों के अंक गलत दर्ज होने की शिकायत मिली थी, लेकिन अंक अपलोड करने की प्रक्रिया अन्य विभागों की तरह ही अपनाई जाती है।

गणित और भौतिकी विभाग में नए प्रभारी नियुक्त

तीन शिक्षकों के निलंबन के साथ ही कॉलेज प्रशासन ने विभागीय जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया है। प्रबंध समिति के सचिव के पत्र के अनुसार, प्रो. पीएस चौधरी को गणित विभाग का नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं, प्रो. पीपी सिंह को भौतिकी विभाग के प्रभारी पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों ने अपने-अपने विभागों में कार्यभार संभाल लिया है।

प्रबंध समिति के निर्णय पर उठे सवाल, उच्च शिक्षा अधिकारी से मांगा स्पष्टीकरण

इस कार्रवाई के बीच बरेली कॉलेज की प्रबंध समिति के निर्णयों को लेकर भी विवाद सामने आया है। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी प्रो. आरके गोस्वामी ने प्राचार्य और प्रबंध समिति सचिव को पत्र भेजकर दस बिंदुओं पर स्पष्टीकरण मांगा है। पत्र में प्रबंध समिति के कॉलेज में लगातार बैठने, अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों में हस्तक्षेप तथा कॉलेज परिसर में कथित अव्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठाए गए हैं। साथ ही महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और पठन-पाठन की स्थिति पर भी जवाब मांगा गया है। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी ने पूछा है कि प्रबंध समिति के पदाधिकारी कॉलेज में लगातार क्यों बैठ रहे हैं और इससे प्रशासनिक व्यवस्था पर क्या प्रभाव पड़ रहा है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि कॉलेज में आने वाले लोगों और विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *