बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र के परधौली गांव में सोमवार रात पशु तस्कर एक ग्रामीण की पशुशाला से गोवंशीय पशु चोरी कर ले गए। आरोप है कि तस्करों ने गांव के बाहर खेत में पशु की हत्या कर दी और उसके अवशेष वहीं छोड़कर फरार हो गए। मंगलवार सुबह खेत में पशु के कटे अवशेष मिलने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
परधौली निवासी यशपाल का गोवंशीय पशु सोमवार रात पशुशाला में बंधा था। रात में किसी समय पशु तस्कर उसे खोलकर ले गए। मंगलवार सुबह यशपाल पशुशाला पहुंचे तो पशु गायब मिला। उन्होंने आसपास तलाश शुरू की। इसी दौरान गांव के पूर्व दिशा में स्थित एक खेत में पशु के अवशेष पड़े मिले। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और घटना को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।
हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता पहुंचे, गिरफ्तारी की मांग
घटना की जानकारी मिलने पर राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष रोहित गंगवार और अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अमित गंगवार कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के साथ प्रदर्शन करते हुए घटना में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में पशु तस्करी पर अंकुश लगाने की मांग की। हंगामे की सूचना पर सीओ द्वितीय नितिन कुमार और सीबीगंज इंस्पेक्टर विनोद सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने पशु के अवशेष कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए और मामले की जांच शुरू कर दी।
एक सप्ताह पहले भी हुआ था हत्या का प्रयास
ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में गोवंशीय पशुओं को निशाना बनाए जाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। करीब एक सप्ताह पहले भी एक खेत में गोवंशीय पशु की हत्या का प्रयास किया गया था। ग्रामीणों की आहट होने पर आरोपी मौके से जाल और अन्य सामान छोड़कर भाग निकले थे। लगातार हो रही घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। उन्होंने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और पशु तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।