google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
bareillyएसआरएमएस में जोनल स्पोर्ट्स फेस्ट का शुभारंभ, नौ कॉलेजों की टीमें शामिल।

200 से अधिक संबद्ध कॉलेजों में से सिर्फ नौ की भागीदारी पर जताई चिंता, बोले- खेलों के प्रति गंभीरता दिखाएं संस्थान

बरेली। श्रीराम मूर्ति स्मारक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में शुक्रवार को रंगारंग कार्यक्रमों के बीच डॉ. अब्दुल कलाम जोनल स्पोर्ट्स फेस्ट 2026-27 का शुभारंभ हुआ। एसआरएमएस ट्रस्ट के संस्थापक एवं चेयरमैन देवमूर्ति ने ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को मानसिक और शारीरिक मजबूती के साथ खेल भावना से प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का संदेश दिया।

खेलों से विकसित होती है टीम भावना

देवमूर्ति ने कहा कि खेल व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इनसे टीम भावना, सहयोग, सामंजस्य और सहभागिता जैसे गुण विकसित होते हैं। खिलाड़ियों को हार-जीत को समान भाव से स्वीकार करते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल में एक पक्ष जीतता है और दूसरा हारता है, लेकिन वास्तविक सफलता खेल भावना के साथ मुकाबला करने में है।

200 से अधिक कॉलेजों में से नौ ने दिखाई रुचि

देवमूर्ति ने जोनल स्पोर्ट्स फेस्ट में केवल नौ कॉलेजों की भागीदारी पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि डॉ. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय से 200 से अधिक कॉलेज संबद्ध हैं, लेकिन प्रतियोगिता में केवल नौ कॉलेजों की टीमें पहुंचीं। अधिक संस्थानों की भागीदारी से मुकाबले और रोचक होते तथा खिलाड़ियों को एक-दूसरे से सीखने का अवसर मिलता। कॉलेजों को खेल प्रतियोगिताओं के प्रति गंभीरता दिखाने की जरूरत है।

खेलों से होता है साहस और चरित्र निर्माण

कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. प्रभाकर गुप्ता ने आयोजन की जिम्मेदारी सौंपने के लिए एकेटीयू का आभार जताया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और साहस विकसित करने के साथ चरित्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हार-जीत को सहजता से स्वीकार करने का गुण खेलों से ही सीखने को मिलता है। प्रत्येक विद्यार्थी को किसी न किसी खेल से जुड़ना चाहिए।


0

नौ कॉलेजों की टीमों ने लिया हिस्सा

प्रतियोगिता में बरेली के एसआरएमएस सीईटी, एसआरएमएस कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी एंड रिसर्च, राजश्री इंस्टीट्यूट, रक्षपाल बहादुर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट और श्री सिद्धि विनायक इंस्टीट्यूट के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनके अलावा मुरादाबाद के एमआईटी, एमईटी फैकल्टी ऑफ फार्मेसी, कोठीवाल इंस्टीट्यूट और बदायूं के शिखर इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी की टीमें भी शामिल हुईं।

मशाल प्रज्वलन और मार्च पास्ट से बढ़ा उत्साह

उद्घाटन समारोह फुटबॉल ग्राउंड पर सुबह 10 बजे शुरू हुआ। संस्थान गीत और विश्वविद्यालय के कुलगीत के बाद देवमूर्ति ने दोनों संस्थानों का ध्वजारोहण किया। रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की। ऋतिका झा, ओम अग्रवाल, नवप्रीत कौर और देवांश पंत द्वारा लाई गई मशाल से खेल ज्योति प्रज्वलित की गई। इसके बाद टीमों ने मार्च पास्ट किया और खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पिरामिड ड्रिल ने समारोह में उत्साह भर दिया।

5

पहले दिन कई खेलों के क्वालीफाइंग मुकाबले

पहले दिन एथलेटिक्स की 100, 200, 400 और 800 मीटर दौड़ के साथ शतरंज, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, शॉटपुट, कबड्डी, बास्केटबॉल, डिस्कस थ्रो और जैवलिन थ्रो के मुकाबले हुए। कई स्पर्धाओं के क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल भी आयोजित किए गए। शनिवार को फाइनल मुकाबलों के बाद परिणाम घोषित कर विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।

इस मौके पर मौजूद रहे

एसआरएमएस ट्रस्ट के सचिव आदित्य मूर्ति, ट्रस्ट सलाहकार इंजीनियर सुभाष मेहरा, मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) डॉ. एमएस बुटोला, डीन शैलेंद्र सक्सेना, डॉ. अनुज कुमार, डॉ. अमित शर्मा, डॉ. सौरभ गुप्ता, डॉ. पुष्पेंद्र यादव, डॉ. नितिन सक्सेना, शंकर पाल गंगवार सहित विभिन्न कॉलेजों के कोच मौजूद रहे। संचालन आद्या राज और यशराज डोगरा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *