बरेली। फरीदपुर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 470 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी अफीम बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। पकड़े गए युवक की पहचान फरीदपुर थाना क्षेत्र के गांव पचौमी निवासी 20 वर्षीय आदर्श पुत्र रामनिवास के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से अफीम के अलावा एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपने एक साथी का नाम भी बताया है, जिसने कथित तौर पर उसे अफीम बेचने के लिए दी थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के मुताबिक, 14 नवंबर को फरीदपुर थाना पुलिस की टीम क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक मुख्य हाईवे से कंजर गौटिया नहर की पटरी पर जाने वाले रास्ते पर अफीम बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक जसवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 470 ग्राम अवैध अफीम और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में युवक ने अपना नाम आदर्श निवासी ग्राम पचौमी बताया।
साथी ने बेचने के लिए दी थी अफीम
पुलिस पूछताछ में आरोपी आदर्श ने बताया कि उसके पिता खेती-किसानी करते हैं। परिवार में दो भाई और तीन बहनें हैं। आरोपी के मुताबिक, उसे यह अफीम गांव धीरपुर निवासी उसके साथी मंजीत पुत्र राधेश्याम ने बेचने के लिए दी थी। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अफीम बेचकर अच्छा मुनाफा कमाता था और इसी से उसकी कमाई होती थी। घटना वाले दिन भी वह अफीम बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब पूछताछ में सामने आए उसके साथी की भूमिका की भी जांच कर रही है।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज, कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई
फरीदपुर पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी आदर्श के खिलाफ मुकदमा संख्या 881/2026 दर्ज किया है। उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18/29 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। वहीं, पूछताछ में सामने आए दूसरे युवक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक जसवीर सिंह, हेड कांस्टेबल शमशेर अली, हेड कांस्टेबल राहुल दीप, कांस्टेबल अंकित कुमार, भानू चौधरी और सुमित कुमार शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है।