बरेली। इज्जतनगर क्षेत्र में डेयरी के लिए गाय लेकर जा रहे युवक की गाड़ी रोककर 10 हजार रुपये की रंगदारी मांगने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। चारों आरोपी हनुमान दल से जुड़े बताए जा रहे हैं।
फार्म हाउस से डेयरी जा रहे थे
कैंट थाना क्षेत्र के मोहनपुर निवासी बन्ने खां ने पुलिस को बताया कि वह यूपी 25 एफटी 4857 का चालक है। 28 सितंबर की रात वह उबैश के साथ अपनी-अपनी गाड़ी से दो-दो गाय लेकर फार्म हाउस से सहदाना डेयरी जा रहा था। रात करीब 11 बजे विलयधाम के पास कुम्हरा कट पर चार युवकों ने उसकी गाड़ी रोक ली।
गाड़ी रोककर मारपीट और 10 हजार की मांग
आरोप है कि युवकों ने गाड़ी रुकवाने के बाद बन्ने खां के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद उससे 10 हजार रुपये की रंगदारी मांगी गई। पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस पहुंची तो सामने आए चारों के नाम
इसी दौरान वहां से पुलिस की गाड़ी गुजरने पर पुलिसकर्मियों ने युवकों से पूछताछ की। पीड़ित के अनुसार पूछताछ में युवकों ने अपने नाम पुष्पेंद्र पुत्र रघुवीर सिंह निवासी पटेल बिहार, शिवा सिंह तोमर पुत्र मुकेश सिंह तोमर निवासी बीडीए कॉलोनी, मयंक चौहान पुत्र श्यामपाल और अस्मित पुत्र अमर सिंह निवासी गणेश नगर, थाना सुभाषनगर बताया।
इज्जतनगर थाने में दर्ज हुई रिपोर्ट
पीड़ित ने मामले की शिकायत इज्जतनगर थाने में की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों के हनुमान दल से जुड़े होने की बात भी सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।