google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
up newsAI चित्र।

बरेली। सात फेरों के साथ जिंदगी भर साथ निभाने का वादा, आंखों में सुनहरे भविष्य के सपने और दिल में नई दुनिया बसाने की चाहत… लेकिन शादी के बाद जब पति की नौकरी का कथित सच सामने आया तो नवविवाहिता के पैरों तले जमीन खिसक गई। जिस युवक को खाद्य विभाग का जांच अधिकारी बताकर शादी कराई गई थी, वह कथित तौर पर स्पा सेंटर में मसाज करने वाला निकला। मामला यहीं नहीं थमा। महिला का आरोप है कि जिस ससुराल में वह खुशियों की उम्मीद लेकर पहुंची थी, वहीं तीन लाख रुपये के अतिरिक्त दहेज के लिए उसे प्रताड़ना और जानलेवा हमलों का सामना करना पड़ा।

अफसर समझकर थामा हाथ, हकीकत खुली तो बिखर गए अरमान

प्रेमनगर थाना क्षेत्र के जाटवपुरा निवासी नेहा की शादी 26 अप्रैल को हाथरस की माधवकुंज कॉलोनी निवासी अजय वर्मा से हुई थी। पिता ने बेटी की खुशियों में कोई कमी न रहे, इसके लिए शादी में करीब 10 लाख रुपये खर्च किए। नेहा का आरोप है कि शादी से पहले अजय को खाद्य विभाग में जांच अधिकारी बताया गया था। मगर विवाह के बाद पता चला कि पति किसी सरकारी विभाग में अधिकारी नहीं, बल्कि स्पा सेंटर में मसाज का काम करता है।

दहेज के तीन लाख नहीं मिले तो करंट लगाकर मारने की कोशिश का आरोप

महिला का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वालों ने तीन लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट और उत्पीड़न किया जाने लगा। पीड़िता ने आरोप लगाया कि कई बार उसे बिजली का करंट लगाकर जान से मारने की कोशिश की गई। इतना ही नहीं, 24 जुलाई की सुबह फंदा लगाकर उसकी हत्या करने का भी प्रयास किया गया।

हैवानियत की हद, बच्चेदानी निकलवाने की धमकी देने का भी आरोप

नेहा ने पति, सास, जेठ, जेठानी, दो ननद, ननदोई और एक अन्य व्यक्ति पर मारपीट तथा प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का यह भी आरोप है कि पति और सास ने ऑपरेशन कराकर उसकी बच्चेदानी निकलवाने तक की धमकी दी। महिला की शिकायत के आधार पर प्रेमनगर थाना पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *