बरेली। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) से जुड़ा कोई जरूरी काम है तो उसे आज रविवार को ही निपटा लें। सोमवार से लगातार तीन दिन प्रस्तावित हड़ताल के कारण SBI की शाखाओं में कामकाज प्रभावित रहेगा। ग्राहकों की सुविधा को देखते हुए आज रविवार को SBI की शाखाएं सामान्य कार्यदिवस की तरह खुलेंगी।
आज रविवार को भी होगा बैंकिंग काम
रविवार के बावजूद SBI की शाखाओं में आज नियमित बैंकिंग कार्य किए जाएंगे। ग्राहक नकद जमा-निकासी, चेक समेत शाखा से जुड़े अन्य जरूरी काम करा सकेंगे। तीन दिन की प्रस्तावित हड़ताल को देखते हुए ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग कार्य आज ही पूरा करने की सलाह दी गई है।
28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर 28, 29 और 30 सितंबर को अधिकारी-कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान विभिन्न शाखाओं पर सभा और प्रदर्शन भी प्रस्तावित हैं। हड़ताल के चलते बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका है।
ATM पर बढ़ सकता है दबाव
लगातार तीन दिन शाखाओं का कामकाज प्रभावित होने से ATM से नकदी निकासी का दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में जिन ग्राहकों को SBI की शाखा में जाकर कोई जरूरी काम कराना है, उनके लिए आज रविवार का दिन बेहद अहम है।