बरेली में आदेश के अनुपालन में देरी पर शिक्षकों में रोष, अवमानना याचिका दाखिल करने पर मंथन
बरेली। बेसिक शिक्षा परिषद के इंचार्ज प्रधानाध्यापकों को हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद प्रधानाध्यापक के समकक्ष वेतन लाभ नहीं मिलने का मामला तूल पकड़ रहा है। इसको लेकर शिक्षकों में नाराजगी है। यूटा के जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि अन्य जिलों में आदेश के अनुपालन में संबंधित लाभ दिया जा रहा है, लेकिन बरेली में अब तक इसका क्रियान्वयन नहीं हुआ है।
गांधी उद्यान में जुटे शिक्षक, कानूनी विकल्पों पर चर्चा
समस्या के विरोध में शिक्षक गांधी उद्यान में एकत्र हुए। यहां जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी स्तर से हाईकोर्ट के आदेश का अनुपालन नहीं होने पर चर्चा की गई। शिक्षकों ने कहा कि इंचार्ज प्रधानाध्यापक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक की जिम्मेदारियां निभा रहे हैं, लेकिन उन्हें इसके अनुरूप वेतन लाभ नहीं मिल रहा है।
अवमानना याचिका दाखिल करने की तैयारी
बैठक में निर्णय लिया गया कि आदेश का अनुपालन कराने के लिए हाईकोर्ट में अवमानना याचिका दाखिल करने समेत अन्य विधिक विकल्पों पर विचार किया जाएगा। शिक्षकों ने मांग की कि संबंधित आदेश का जल्द अनुपालन कराकर उन्हें नियमानुसार वेतन लाभ दिया जाए।
एकजुट होकर उठाई आवाज
इस दौरान भानु प्रताप सिंह, राजेश कुमार सिंह, संजीव कुमार, विजय कुमार, प्रदीप कुमार, अर्चना त्रिपाठी, नागेंद्र कुमार, रूप किशोर, राकेश कुमार और अनिल कुमार सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। सभी ने न्यायालय के आदेश का सम्मान करते हुए उसके शीघ्र अनुपालन की मांग उठाई।