बरेली। आंवला थाने में तैनात एक महिला सिपाही ने मोहल्ला बजरिया निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर करीब एक साल तक यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। महिला सिपाही की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला सिपाही ने पुलिस को बताया कि आंवला में तैनाती के दौरान उसकी पहचान आरोपी युवक से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच नजदीकियां हो गईं।
आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया। महिला सिपाही के मुताबिक, जब उसने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी उसे अपने घर ले गया। वहां उसकी मां, पिता, भाई और बहनों समेत परिवार के लोगों ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की। जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पहले हुआ था समझौता, फिर बिगड़ी बात
महिला सिपाही ने करीब दो साल पहले भी युवक के खिलाफ शिकायत की थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। आरोप है कि इसके कुछ समय बाद युवक ने दोबारा संपर्क किया और शादी का भरोसा दिया। महिला का कहना है कि कुछ महीनों बाद आरोपी फिर अपने वादे से मुकर गया।
युवक के परिवार ने भी लगाए आरोप
मामले में दूसरा पक्ष भी सामने आया है। आरोपी युवक के परिवार का आरोप है कि महिला सिपाही ने अपने परिचितों के साथ घर पहुंचकर मारपीट की और सामान छीन लिया। परिवार की ओर से भी पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दोनों पक्षों की शिकायतों और आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।