google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
up newsकार्यक्रम में मोजूद सीएम योगी व अन्य लोग

बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बरेली में शिक्षकों के लिए कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर जिले में सरकारी विश्वविद्यालय खोलने की दिशा में सरकार काम कर रही है। इसकी शुरुआत शाहजहांपुर और कुशीनगर से हो चुकी है। साथ ही सीबीएसई शिक्षकों को भी जल्द कैशलेस इलाज की सुविधा देने का आश्वासन दिया। बरेली क्लब मैदान में बरेली-मुरादाबाद शिक्षक विधान परिषद सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लों के समर्थन में आयोजित शिक्षक सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक केवल सरकारी कर्मचारी नहीं, बल्कि युग निर्माता हैं।

2017 से पहले शिक्षा व्यवस्था को किया गया चौपट

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन की शुरुआत नाथ नगरी बरेली को नमन करके की। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को चौपट करने का काम किया गया। भाजपा सरकार बनने के बाद नकलविहीन परीक्षाएं कराने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि जब युवा योग्य बनता है तो उसके मन में सबसे पहले गुरुजनों के प्रति सम्मान का भाव आता है। जिस समाज में योग्य शिक्षक होते हैं, वहां श्रीराम, श्रीकृष्ण और चंद्रगुप्त मौर्य जैसे व्यक्तित्व बनने में देर नहीं लगती। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन और महर्षि वेदव्यास का भी उल्लेख किया।

हर जिले में सरकारी विश्वविद्यालय खोलने की तैयारी

सीएम योगी ने कहा कि सरकार पहले हर मंडल में विश्वविद्यालय स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ी और अब हर जिले में सरकारी विश्वविद्यालय खोलने की योजना पर काम हो रहा है। शाहजहांपुर और कुशीनगर में इसकी शुरुआत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि बेसिक और माध्यमिक शिक्षा में ऑपरेशन कायाकल्प और स्मार्ट क्लास जैसी योजनाओं से बदलाव आया है। तकनीक ने गांव और शहर के बीच की दूरी कम कर दी है।

19 दिन में बोर्ड परीक्षा, 14 दिन में रिजल्ट

मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था में तेजी का जिक्र करते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षाएं महज 19 दिन में पूरी हो जाएंगी और 14 दिन में परिणाम जारी कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज सरकार बुलेट ट्रेन की रफ्तार से काम कर रही है। भाजपा सरकार में युवाओं को बिना भेदभाव सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उनके मुताबिक, साढ़े नौ साल में करीब साढ़े नौ लाख युवाओं को नौकरी दी गई है।

बरेली के दंगों का जिक्र कर विपक्ष पर साधा निशाना

सीएम योगी ने बरेली में हुए दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि आज दंगाई जेल के अंदर उर्स मनाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले बरेली की पहचान झुमके से होती थी, लेकिन अब इसे नाथ नगरी के रूप में भी जाना जाता है। संभल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले वहां जाने से लोग डरते थे, जबकि अब वहां चहल-पहल है। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले लोगों को भयभीत करते थे, वे आज खुद भयभीत हैं। पुलिस की जीप देखकर उनकी पेंट गीली हो जाती है।

सीबीएसई शिक्षकों को भी मिलेगा कैशलेस इलाज

मुख्यमंत्री ने शिक्षकों के हित में किए गए कार्यों का जिक्र करते हुए कैशलेस इलाज की सुविधा का भी उल्लेख किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में सीबीएसई शिक्षकों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में भाजपा के ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरन लाल लोधी, माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाबो देवी, राज्य मंत्री बलदेव सिंह ओलख, एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, बरेली जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह और महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *