बरेली। दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे हैं तो घर से निकलने से पहले ट्रेन का हाल जरूर जान लें। दिल्ली में शनिवार, 10 अक्टूबर को प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन के चलते रेलवे ने छह ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इनमें देहरादून-नई दिल्ली जनशताब्दी, लखनऊ-नई दिल्ली मेल, सुपरफास्ट और कासगंज-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस शामिल हैं। ट्रेनों के निरस्त होने से दिल्ली जाने और वहां से लौटने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है।
दिल्ली में प्रदर्शन के चलते रेलवे का फैसला
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल की ओर से शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, सेंट्रल दिल्ली में प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन और यातायात संबंधी एडवाइजरी को देखते हुए छह ट्रेनों का संचालन रद्द किया गया है। कुछ ट्रेनें 9 अक्टूबर को ही नहीं चलेंगी, जबकि कुछ 10 अक्टूबर को रद्द रहेंगी। ऐसे में दिल्ली जाने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बदलनी पड़ सकती है।
आज और कल नहीं चलेंगी ये ट्रेनें
रेलवे के अनुसार, लखनऊ से नई दिल्ली जाने वाली मेल ट्रेन संख्या 12229 और सुपरफास्ट ट्रेन संख्या 12429 को 9 अक्टूबर को रद्द किया गया है। वहीं, देहरादून से नई दिल्ली जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस संख्या 12056, नई दिल्ली से लखनऊ जाने वाली मेल ट्रेन संख्या 12230 और सुपरफास्ट ट्रेन संख्या 12430 का संचालन 10 अक्टूबर को नहीं होगा। इसके अलावा कासगंज से नई दिल्ली जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस संख्या 15303 भी 10 अक्टूबर को रद्द रहेगी। यानी दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को अपनी ट्रेन के नंबर और यात्रा की तारीख का मिलान करना जरूरी है।
घर से निकलने से पहले कर लें जांच
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की पुष्टि कर लें, ताकि बेवजह परेशानी न उठानी पड़े। यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेन या यात्रा के दूसरे साधनों की व्यवस्था भी पहले से करनी चाहिए। उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव की ओर से जारी विज्ञप्ति में ट्रेनों के निरस्तीकरण की जानकारी दी गई है।