google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSहाउस अरेस्ट सपा जिला अध्यक्ष शुभलेश यादव और कांग्रेस जिला अध्यक्ष अशफाक सकलैनी।

बरेली। दिल्ली में 10 अक्टूबर को होने वाले विपक्ष के प्रदर्शन से पहले बरेली में सपा और कांग्रेस के बड़े नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया गया। सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, महानगर अध्यक्ष शमीम सुल्तानी और कांग्रेस जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी समेत कई नेताओं को पुलिस ने उनके घरों में रोक दिया। कांग्रेस नेताओं को रात दो बजे से ही पुलिस की निगरानी में रखा गया।

सपा के कई नेताओं को घरों में रोका

समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, महानगर अध्यक्ष शमीम सुल्तानी, सुरेंद्र सोनकर, एजाज अहमद और आंवला के सत्येंद्र को पुलिस द्वारा हाउस अरेस्ट किए जाने की सूचना है। बताया जा रहा है कि 10 अक्टूबर को दिल्ली में विपक्ष के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है।

रात दो बजे कांग्रेस जिलाध्यक्ष के घर पहुंची पुलिस

जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष और मीडिया प्रभारी जिया उर रहमान के मुताबिक, पुलिस ने रात से ही कांग्रेस नेताओं को रोकना शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि रात करीब दो बजे जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी को सिरौली स्थित उनके आवास पर रोक दिया गया। इसके अलावा जिया उर रहमान को बरेली स्थित उनके निवास और आलमपुर जाफराबाद के ब्लॉक अध्यक्ष गुड्डू खान सिरोही को उनके आवास पर रोके जाने की बात कही गई है।

राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस का प्रदर्शन

कांग्रेस जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने कहा कि राहुल गांधी विपक्षी सांसदों के साथ वोट चोरी के मुद्दे को प्रमुखता से उठा रहे हैं। विपक्ष शांतिपूर्ण तरीके से सत्याग्रह आंदोलन कर रहा है, लेकिन इसके बावजूद दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई की है। कांग्रेस इसका विरोध करती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार है और जनता के वोट की ताकत ही लोकतंत्र की असली ताकत है।

‘गिरफ्तारी और रोकने से नहीं डरेंगे कार्यकर्ता’

जिया उर रहमान ने कहा कि वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस और विपक्ष का सत्याग्रह जारी रहेगा। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि पुलिस की कार्रवाई से आंदोलन को दबाया नहीं जा सकता। कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में अपनी आवाज उठाते रहेंगे।

विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश कर रही भाजपा

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। पार्टी पदाधिकारियों ने साफ कहा कि वे दिल्ली में प्रदर्शन में शामिल होने के अपने इरादे से पीछे नहीं हटेंगे। इस दौरान यासिर खान, युसुफ नन्हे और रिंकू वाल्मीकि समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भी जिक्र किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *