बरेली। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह सीबीगंज स्थित कान्हा गौशाला पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से गौ-पूजन किया और गौवंश को चारा खिलाकर सेवा की। इस दौरान मंत्री ने गौशाला की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और गौवंश के संरक्षण व देखभाल में किसी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
गौशाला की व्यवस्थाएं देखीं, संरक्षण पर दिया जोर
कैबिनेट मंत्री ने गौशाला में संरक्षित गौवंश के रखरखाव, चारे और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गौवंश की उचित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित किया जाना चाहिए। इसके लिए उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जाए और व्यवस्थाओं में जहां भी सुधार की जरूरत हो, वहां तत्काल कदम उठाए जाएं।
गौसेवकों को माला पहनाकर किया सम्मानित
इस दौरान गौशाला में सेवा कर रहे केयरटेकर्स को कैबिनेट मंत्री ने माला पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि निस्वार्थ भाव से गौसेवा करने वाले लोग सराहना के पात्र हैं। गौसेवा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। गौवंश का संरक्षण और संवर्धन केवल सरकार ही नहीं, बल्कि समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।
महापौर उमेश गौतम भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में महापौर डॉ. उमेश गौतम भी मौजूद रहे। कैबिनेट मंत्री ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान गौशाला से जुड़े कर्मचारी और अन्य लोग भी उपस्थित रहे।