up news

15 चरखी अधोमानक/मिलावटी मांझा बरामद, सफेद-काला पाउडर और शीशा लेपित घोल भी मिला; चोरी-छिपे तैयार कर बेचते थे मांझा

बरेली। प्रतिबंधित और जानलेवा अधोमानक/मिलावटी मांझे के निर्माण और बिक्री के खिलाफ थाना किला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर मांझा तैयार करने वाले नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 15 चरखी अधोमानक/मिलावटी मांझा समेत मांझा तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली संदिग्ध सामग्री बरामद की गई है।

मुखबिर की सूचना पर एक साथ कई ठिकानों पर दबिश

पुलिस के मुताबिक, अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान तथा अधोमानक/मिलावटी मांझे के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग चोरी-छिपे शीशा/कांच मिश्रित घोल, सफेद पाउडर और काले पाउडर आदि का इस्तेमाल कर मांझा तैयार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई शुरू कर दी।

स्वालेनगर से दो आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े

पुलिस टीम ने स्वालेनगर लाइनपार स्थित सैयद शाह की मजार के पास कार्रवाई करते हुए मोहम्मद नवाब और मोहम्मद कासिम खान को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से अधोमानक/मिलावटी मांझा और उसे तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है।

पोपलर की बगिया में चल रहा था मांझा तैयार करने का खेल

पुलिस ने प्याले शाह बाबा की मजार के पीछे स्थित पोपलर की बगिया में भी दबिश दी। यहां से मो. वसीम, मो. रशीद, सलीम, जाहिद और दिलशाद को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, मौके से मांझा तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद हुई।

कब्रिस्तान के पास दो और आरोपी गिरफ्तार

इसी क्रम में पुलिस टीम ने स्वालेनगर स्थित जागृति विहार कॉलोनी, रामपुर रोड पर कब्रिस्तान के पास कार्रवाई करते हुए मोहम्मद उस्मान और मोहम्मद यासीन को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अधोमानक/मिलावटी मांझा बरामद करने की बात कही है।

15 चरखी मांझा और खतरनाक केमिकलनुमा सामग्री बरामद

पुलिस की कार्रवाई में कुल 15 चरखी अधोमानक/मिलावटी मांझा, दो पन्नी में सफेद पाउडर, दो पन्नी में काला पाउडर और दो पन्नी में शीशा/कांच लेपित घोल बरामद किया गया। पुलिस अब बरामद सामग्री के इस्तेमाल और उसकी प्रकृति की भी जांच कर रही है।

आमजन से लेकर पशु-पक्षियों तक के लिए खतरा

पुलिस का कहना है कि कांच/शीशे से लेपित और अधोमानक मांझा बेहद खतरनाक हो सकता है। इसकी चपेट में आने से राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों के घायल होने के साथ ही पशु-पक्षियों के जीवन पर भी खतरा बना रहता है। इसके अलावा ऐसे मांझे से पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचने की आशंका रहती है।

पूछताछ में खुला राज, परिवार चलाने के लिए बेचते थे मांझा

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे चोरी-छिपे शीशा/कांच लेपित घोल, सफेद पाउडर और काले पाउडर आदि का इस्तेमाल कर अधोमानक/मिलावटी मांझा तैयार करते थे। इसके बाद तैयार मांझे को बेचकर उससे होने वाली आमदनी से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।

किला पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप

एक साथ नौ आरोपियों की गिरफ्तारी और बड़ी मात्रा में मांझा तैयार करने की सामग्री बरामद होने से अवैध रूप से मांझा तैयार करने और बेचने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि अधोमानक और मिलावटी मांझे के निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *