UP NEWSआईवीआरआई में स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते छात्र-छात्राएं।

बरेली। इज्जतनगर स्थित भारतीय पशुचिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) में सोमवार को स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग लेकर 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि अनिवार्य इंटर्नशिप 12 महीने की है, लेकिन तीन हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड सिर्फ छह महीने के लिए मिलता है। उन्होंने पूरी अवधि के लिए 25 हजार रुपये प्रतिमाह देने की मांग की।

जिम्मेदारियों के अनुरूप मिले स्टाइपेंड

प्रदर्शन में बीवीएससी एवं एएच के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। उन्होंने कहा कि इंटर्नशिप के दौरान निभाई जाने वाली जिम्मेदारियों के अनुरूप सम्मानजनक स्टाइपेंड मिलना चाहिए। छात्रों ने अन्य पशु चिकित्सा संस्थानों में मिलने वाले स्टाइपेंड की तुलना में अंतर की समीक्षा करने की भी मांग उठाई। साथ ही स्टाइपेंड के बजट और भुगतान व्यवस्था में पारदर्शिता तथा मांगों पर लिखित और समयबद्ध जवाब मांगा।

पहले भी उठाया मुद्दा, समाधान नहीं मिलने से नाराजगी

छात्र प्रतिनिधियों के मुताबिक, इस मुद्दे को पहले भी संस्थान और संबंधित अधिकारियों के सामने रखा जा चुका है, लेकिन अब तक संतोषजनक समाधान नहीं हुआ है। छात्रों ने स्पष्ट किया कि उनका प्रदर्शन संस्थान या पशु चिकित्सा शिक्षा के विरोध में नहीं है। उनकी मांग इंटर्नशिप की पूरी अवधि के लिए उचित स्टाइपेंड सुनिश्चित करने की है।

इसी महीने परीक्षाएं, फिर शुरू होगी इंटर्नशिप

छात्रों की व्यावसायिक परीक्षाएं इसी महीने प्रस्तावित हैं। इसके बाद वे अनिवार्य रोटेटरी इंटर्नशिप में प्रवेश करेंगे। प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि आंदोलन के दौरान आवश्यक पशु चिकित्सा सेवाएं, आपातकालीन उपचार और उपचाराधीन पशुओं की देखभाल बाधित नहीं होने दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *