बरेली। शहर की 57 कॉलोनियों के करीब 1,200 घरों में एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति बंद करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इन इलाकों में पाइपलाइन से प्राकृतिक गैस यानी पीएनजी की सुविधा उपलब्ध है। शासन के निर्देश पर पहले चरण में छह कॉलोनियों में एलपीजी कनेक्शन काटे गए हैं। जिले में अब तक कुल 413 कनेक्शन बंद किए जा चुके हैं।
नोटिस के बाद भी नहीं अपनाई पीएनजी
संबंधित उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन लेने के लिए 90 दिन का समय दिया गया था। इसके बावजूद कई लोगों ने कनेक्शन नहीं लिया और एलपीजी सिलिंडर का इस्तेमाल जारी रखा। अब ऐसे उपभोक्ताओं के एलपीजी कनेक्शन बंद किए जा रहे हैं। बाकी चिह्नित कॉलोनियों में भी अंतिम चेतावनी जारी की जा रही है।
छह कॉलोनियों से शुरू हुई कार्रवाई
जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह के मुताबिक, शासन के निर्देश पर पीएनजी आपूर्ति वाली 57 कॉलोनियों में एलपीजी कनेक्शन चरणबद्ध तरीके से बंद किए जाएंगे। अब तक 413 कनेक्शन काटे जा चुके हैं। सीयूजीएल के वरिष्ठ प्रबंधक जितेंद्र गौतम ने बताया कि पहले चरण में छह कॉलोनियों में कार्रवाई की गई है। अन्य कॉलोनियों के उपभोक्ताओं को अंतिम चेतावनी दी जा रही है। चिह्नित इलाकों में कुल करीब 1,200 एलपीजी कनेक्शन बंद किए जाने हैं।
पूर्ति विभाग और गैस कंपनियों की संयुक्त टीम
कार्रवाई के लिए जिला पूर्ति विभाग, सीयूजीएल और एलपीजी कंपनियों के प्रतिनिधियों की संयुक्त टीम बनाई गई है। टीम प्रत्येक मंगलवार को बैठक कर प्रगति की समीक्षा करती है। पीएनजी सुविधा वाले इलाकों में जिन उपभोक्ताओं ने अब तक कनेक्शन नहीं लिया है, उन्हें इसे अपनाने के लिए कहा जा रहा है।
पीएनजी कनेक्शन के लिए 31 मार्च तक अभियान
सीयूजीएल ने नए कनेक्शन देने के लिए पीएनजी 3.0 अभियान भी शुरू किया है। यह अभियान 31 मार्च तक चलेगा। जिन उपभोक्ताओं के एलपीजी कनेक्शन बंद किए जा रहे हैं, उन्हें पीएनजी कनेक्शन लेना होगा। इसके लिए सीयूजीएल के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन पंजीकरण कराया जा सकता है।