बरेली। आंवला थाना क्षेत्र में बदायूं मार्ग पर सिकरौडा मोड़ के पास शुक्रवार, नौ अक्टूबर की सुबह गोवंश के अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया। मौके पर एक गोवंश के ताजा कटे अवशेष, कुछ दफन अवशेष और एक गाय बेहोशी की हालत में मिलने की सूचना है। घटना की जानकारी पर हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने विरोध प्रदर्शन करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया
हंगामे की सूचना पर सीओ आंवला हेमंत उपाध्याय और इंस्पेक्टर बीनू सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक बातचीत के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया गया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर जेसीबी बुलवाई। गड्ढा खुदवाकर गोवंश के अवशेषों को दफन कराया गया। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है।
पहले भी ऐसी घटनाएं होने का आरोप
हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले भी आसपास के इलाके में गोवंश का कटान कर अवशेष दफन किए गए थे। उन्होंने क्षेत्र में गोवंश तस्करी और अवैध कटान का गिरोह सक्रिय होने की आशंका जताते हुए जांच की मांग की। इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
अज्ञात के खिलाफ मुकदमा, तलाश में जुटी पुलिस
सीओ हेमंत उपाध्याय ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक, क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है।