गाजियाबाद। शनिवार देर रात गाजियाबाद के नया बस अड्डा इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन के पास नमो भारत कॉरिडोर से जुड़े फुटओवर ब्रिज के ऊंचे पिलर पर चढ़ गया। युवक को ऊंचाई पर देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक काफी ऊपर तक पहुंच गया था और नीचे उतरने से इनकार कर रहा था। नीचे मौजूद लोगों की नजरें लगातार उसी पर टिकी रहीं। कई लोग मोबाइल से वीडियो बनाते रहे, जबकि आसपास मौजूद लोग किसी अनहोनी की आशंका से परेशान दिखाई दिए।
पुलिस और मेट्रो टीम ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और मेट्रो कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने बिना किसी जल्दबाजी के युवक को शांत कराने की कोशिश शुरू की। करीब आधे घंटे तक पुलिसकर्मी लगातार उससे बातचीत करते रहे ताकि वह सुरक्षित नीचे उतर आए। रेस्क्यू के दौरान कर्मचारियों को काफी सावधानी बरतनी पड़ी, क्योंकि ऊंचाई पर पहुंचकर युवक को संभालना जोखिम भरा था। मौके पर मौजूद लोगों ने भी राहत की सांस ली जब युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक पिलर पर चढ़ा दिखाई दे रहा है, जबकि नीचे सड़क पर लोगों की भीड़ जमा नजर आ रही है। फिलहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है और यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया।