बहराइच। सोशल मीडिया पर देवी-देवताओं के खिलाफ कथित आपत्तिजनक पोस्ट करना एक युवक को भारी पड़ गया। इंस्टाग्राम पर पोस्ट वायरल होते ही इलाके में आक्रोश फैल गया और विरोध शुरू हो गया। मामला बढ़ता देख पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तारी के बाद युवक पुलिस हिरासत में अपनी गलती स्वीकार करता और माफी मांगता नजर आया।
इंस्टाग्राम पोस्ट वायरल होते ही भड़का लोगों का गुस्सा
मामला बहराइच जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक दर्जिनपुरवा गांव निवासी सज्जाद अली पर आरोप है कि उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से देवी-देवताओं को लेकर कथित अभद्र टिप्पणी पोस्ट की थी। पोस्ट वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों और कई संगठनों ने नाराजगी जताई और कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। सूचना मिलते ही रानीपुर पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया। बाद में पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से विवादित पोस्ट भी हटवा दी।
आईटी एक्ट समेत कई धाराओं में दर्ज हुआ केस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 353(2), 299 और आईटी एक्ट की धारा 64 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस हिरासत में आरोपी का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें वह दोबारा ऐसी गलती न करने की बात कहता दिखाई दिया।
कोर्ट में पेशी के बाद भेजा गया जेल
रानीपुर थाना प्रभारी हरेन्द्र कुमार मिश्रा ने बताया कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने या सोशल मीडिया पर भड़काऊ सामग्री साझा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट पर पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है और नियमों के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।