लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान के लिए शुरू की गई हेल्पलाइन व्यवस्था बड़ी राहत बनकर उभरी है। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की टोल-फ्री हेल्पलाइन पर दर्ज होने वाली शिकायतों का रिकॉर्ड समय में निस्तारण किया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में विभाग ने 96.38 प्रतिशत शिकायतों का समाधान कर एक नई मिसाल कायम की है।

प्रदेश सरकार का दावा है कि अब दिव्यांगजनों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। एक फोन कॉल के जरिए उनकी शिकायतें सीधे विभाग तक पहुंच रही हैं और उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।

पेंशन से लेकर रोजगार योजनाओं तक पहुंची शिकायतें

अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच हेल्पलाइन पर कुल 7,707 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 7,428 शिकायतों का सफलतापूर्वक निस्तारण कर दिया गया। सबसे अधिक 7,281 शिकायतें दिव्यांग भरण-पोषण अनुदान (पेंशन) योजना से संबंधित थीं। इसके अलावा स्वावलंबन कार्ड से जुड़ी 52, दुकान निर्माण एवं संचालन योजना से संबंधित 67, शादी-विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार योजना से जुड़ी 23 तथा कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना से संबंधित 69 शिकायतें दर्ज की गईं।

स्वावलंबन कार्ड और कृत्रिम अंग योजनाओं में शत-प्रतिशत सफलता

विभाग के आंकड़ों के अनुसार स्वावलंबन कार्ड, कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना समेत कई महत्वपूर्ण योजनाओं से जुड़ी शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण किया गया। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत निवारण प्रणाली को मजबूत बनाकर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी दिव्यांगजन को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।

सरकार की प्राथमिकता में दिव्यांगजन

प्रदेश सरकार शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को दिव्यांगजनों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर लगातार काम कर रही है। हेल्पलाइन व्यवस्था ने लाभार्थियों और प्रशासन के बीच एक मजबूत संवाद स्थापित किया है, जिससे योजनाओं की जानकारी और शिकायतों का समाधान दोनों आसान हुआ है।  दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के उप निदेशक डॉ. अमित कुमार राय ने बताया कि सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण और सशक्तीकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विभाग का लक्ष्य प्रत्येक पात्र दिव्यांगजन तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और सरल तरीके से पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *