बरेली। बिथरी चैनपुर में साइबर ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। युवक के बैंक खाते से साइबर ठगों ने महज दो दिन में 1.99 लाख रुपये उड़ा दिए। खास बात यह रही कि जिस दौरान रकम निकाली गई, पीड़ित का फोनपे ऐप ही नहीं खुल रहा था। जब ऐप डिलीट कर दोबारा बनाया और ट्रांजैक्शन हिस्ट्री देखी तो खाते से रकम गायब मिली।

उड़ला जागीर निवासी शाहिद रजा के मुताबिक, 7 अगस्त की रात करीब 8:45 बजे उनके फोनपे से एक लाख रुपये कट गए। इसके अगले ही दिन 8 अगस्त की रात करीब 9:18 बजे खाते से 99,800 रुपये और निकाल लिए गए। दोनों ट्रांजैक्शन उनकी जानकारी के बिना हुए। दो दिन में कुल 1,99,800 रुपये खाते से साफ हो गए।

फोनपे खोलते रहे, लेकिन नहीं खुला ऐप

पीड़ित ने बताया कि 8 अगस्त को उन्होंने फोनपे खोलने की कोशिश की, लेकिन ऐप नहीं खुला। इसके बाद दो-तीन दिन तक वह लगातार ऐप खोलने की कोशिश करते रहे। जब ऐप नहीं चला तो उन्होंने उसे मोबाइल से डिलीट कर दोबारा इंस्टॉल किया। इसके बाद ट्रांजैक्शन हिस्ट्री चेक की तो खाते से रकम निकलने का पता चला। फोनपे की हिस्ट्री में दो बड़े ट्रांजैक्शन देखकर शाहिद के होश उड़ गए। एक ट्रांजैक्शन में एक लाख और दूसरे में 99,800 रुपये निकाले गए थे। पीड़ित के मुताबिक, उन्होंने न तो ये भुगतान किए और न ही किसी को इस रकम के ट्रांसफर की जानकारी थी।

NCRP पर शिकायत, अब थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट

मामले की जानकारी होने के बाद शाहिद ने 14 अगस्त को नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उन्होंने बिथरी चैनपुर थाने पहुंचकर तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस इन लेनदेन की पड़ताल कर यह पता लगाने में जुटी है कि रकम किस खाते में पहुंची और ठगी किस तरीके से की गई। पीड़ित ने पुलिस से रकम वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *