शाहजहांपुर। जैतीपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह कांवड़ यात्रा मातम में बदल गई। डांडी घाट से जल लेकर लौट रहे कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली को नवादा मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। जबरदस्त टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली बिजली का पोल तोड़ते हुए खाई में पलट गई। हादसे में दो कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हो गए।
जैतीपुर थाना क्षेत्र के बमिहाना गांव से 15 कांवड़ियों का जत्था गुरुवार रात करीब 12 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली से बदायूं के दातागंज स्थित डांडी घाट के लिए रवाना हुआ था। रामगंगा नदी से कांवड़ में जल भरने के बाद सभी शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे गांव के शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए वापस लौट रहे थे।
पीछे से ट्रक ने मारी टक्कर, पोल तोड़कर खाई में गिरी ट्रॉली
नवादा मोड़ पुलिस चौकी से करीब 500 मीटर पहले दातागंज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल को तोड़ते हुए खाई में पलट गई। ट्रॉली में सवार कांवड़िये इधर-उधर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के वक्त कुछ कांवड़िये ट्रैक्टर-ट्रॉली से आगे कांवड़ लेकर पैदल चल रहे थे। बताया गया कि शिवम मिश्रा समेत कुछ अन्य कांवड़िये भी ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया।
बरेली पहुंचते ही अमन और गुड्डू की मौत
गंभीर रूप से घायल कुछ कांवड़ियों को इलाज के लिए बरेली भेजा गया। यहां बमिहाना गांव निवासी अमन (20) और गुड्डू (30) को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों में कुछ का जैतीपुर के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि गंभीर घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज शाहजहांपुर रेफर किया गया है। एसपी सौरभ दीक्षित के मुताबिक हादसे में शामिल ट्रक के चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। चालक का भी सीएचसी में उपचार कराया जा रहा है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।