पुलिस लाइन में शान से लहराता तिरंगा।

बरेली। आजादी के जश्न में शनिवार को बरेली पुलिस लाइन में तिरंगा भी शान से लहराया और खाकी के सीने पर सम्मान भी चमका। एसएसपी अनुराग आर्य ने ध्वजारोहण कर पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता-अखंडता की शपथ दिलाई। इसके बाद राष्ट्रपति पदक से लेकर डीजीपी के गोल्ड-सिल्वर मेडल तक, उत्कृष्ट सेवा देने वाले पुलिस अफसरों और जवानों को सम्मानित किया गया।

सीओ विजय राना समेत तीन के नाम राष्ट्रपति पदक

समारोह में सबसे खास पल सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक पाने वाले पुलिस अधिकारियों के सम्मान का रहा। सीओ एलआईयू विजय कुमार राना, सेवानिवृत्त सहायक रेडियो अधिकारी प्रदीप कुमार और मॉनिटरिंग सेल के उपनिरीक्षक श्याम सिंह को राष्ट्रपति पदक मिलने पर सम्मानित किया गया। तालियों के बीच एसएसपी ने उन्हें सम्मान प्रदान किया।

3

हारून से बिजेन्द्र तक, पांच पुलिसकर्मियों की सेवा को सलाम

उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न पाने वालों में आरटीसी प्रभारी निरीक्षक हारून खां, बारादरी इंस्पेक्टर बिजेन्द्र सिंह, भोजीपुरा थाने की महिला उपनिरीक्षक अनिता देवी, एएसपी उत्तरी के वाचक उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह और अग्निशमन केंद्र के फायरमैन अजयपाल सिंह शामिल रहे। इन पुलिसकर्मियों को लंबे समय से बेहतर कार्य और सेवाओं के लिए सम्मान मिला।

कैंट इंस्पेक्टर संजय के खाते में गोल्ड, एसओजी के सुनील-राहुल को सिल्वर

पुलिस सेवा में सराहनीय योगदान के लिए डीजीपी के प्रशंसा चिह्न में भी बरेली पुलिस ने अपनी छाप छोड़ी। कैंट इंस्पेक्टर संजय कुमार को स्वर्ण पदक से नवाजा गया। वहीं एसओजी प्रथम प्रभारी सुनील कुमार शर्मा और एसओजी के मुख्य आरक्षी राहुल कुमार को रजत पदक मिला। तीनों को एसएसपी ने सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया।

5

अनुशासन, ईमानदारी और जनसेवा से समझौता नहीं

एसएसपी अनुराग आर्य ने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए आजादी के मायने के साथ वर्दी की जिम्मेदारी भी याद दिलाई। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ जनता की सेवा करें। पुलिस की जिम्मेदारी कानून-व्यवस्था संभालने के साथ आम लोगों का भरोसा कायम रखने की भी है। इसके बाद पुलिसकर्मियों के बीच मिठाई बांटकर स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा की गईं।

1

बेहतर रिस्पॉन्स वाले 11 पुलिसकर्मी सम्मानित

मुसीबत में फंसे लोगों तक तेजी से मदद पहुंचाने वाले यूपी-112 के 11 पुलिसकर्मियों को भी स्वतंत्रता दिवस पर सम्मान मिला। बेहतर रिस्पॉन्स टाइम और उत्कृष्ट कार्य के लिए यूपी-112 मुख्यालय से मिले प्रशस्ति पत्र एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को सौंपे। सम्मान पाने वालों में पीआरवी-0154 के कमांडर नफीस अहमद, सब कमांडर मीना कुमारी व अदिति शर्मा, पीआरवी-0196 के कमांडर आकाश शर्मा, पीआरवी-5059 के कमांडर मोहम्मद ऊमर, पीआरवी-0196 के सब कमांडर मोहित कुमार, पीआरवी-0159 के कमांडर गौरव, चालक दीपक पाल, होमगार्ड अब्दुल गफ्फार, वेदप्रकाश और अजयपाल शामिल रहे।

2

त्योहारों में पुलिस के साथी बने नागरिकों को भी मिला सम्मान

सम्मान सिर्फ खाकी तक सीमित नहीं रहा। जिले में त्योहारों और बड़े आयोजनों के दौरान पुलिस-प्रशासन का सहयोग कर शांति और सौहार्द कायम रखने में भूमिका निभाने वाले संभ्रांत नागरिकों को भी एसएसपी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। पुलिस ने इसे सामाजिक सहयोग और बेहतर पुलिस-पब्लिक समन्वय का हिस्सा बताया।

0

पुलिस मॉडर्न स्कूल पहुंचा आजादी का जश्न, तिरंगे के बाद पौधारोपण

पुलिस लाइन में समारोह के बाद एसएसपी अनुराग आर्य पुलिस मॉडर्न स्कूल पहुंचे। यहां भी उन्होंने तिरंगा फहराया। बच्चों और मौजूद लोगों के साथ स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा कीं। मिष्ठान वितरण के साथ परिसर में पौधारोपण किया गया। पूरे आयोजन के साथ बरेली पुलिस ने देश की एकता-अखंडता, सामाजिक सौहार्द और जनसेवा के संकल्प को दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *