Social Sharing icon

बरेली। मदर्स डे के अवसर पर रविवार को इंग्लिश मेथोडिस्ट चर्च में मातृ शक्ति को सम्मान देने के लिए विशेष आराधना का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मां के त्याग, समर्पण और परिवार में उनकी अहम भूमिका को याद करते हुए भावनात्मक माहौल देखने को मिला। चर्च में उपस्थित सभी माताओं को सम्मानित कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया।

विशेष आराधना के दौरान पादरी शिव चन्द ने बाइबल वचन के माध्यम से मां के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मां केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि बच्चों के जीवन की पहली शिक्षक और सबसे बड़ी प्रेरणा होती है। उन्होंने समाज से मातृ शक्ति के सम्मान और उनकी भावनाओं को समझने का संदेश दिया।

आराधना में प्रभु यीशु को स्मरण करते हुए विशेष गीत गाए गए और जीवनदायक बाइबल पाठ किया गया। चर्च का वातावरण भक्ति और श्रद्धा से सराबोर रहा। इस दौरान वॉर्न बेबी फोल्ड के बच्चों ने सभी माताओं को अपने हाथों से बनाए गए पुष्प भेंट कर उनका सम्मान किया। बच्चों के इस स्नेहपूर्ण भाव को देखकर चर्च में मौजूद लोग भावुक हो उठे।

कार्यक्रम के बाद मदर्स डे का केक काटकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए चर्च परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। आयोजकों ने कहा कि मां की तरह प्रकृति भी जीवन देने वाली शक्ति है, इसलिए पर्यावरण संरक्षण सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम का संचालन जेसिका ने किया। गीतों के संचालन में राजीव पॉल, सिद्धार्थ और गौरव का योगदान रहा। आयोजन को सफल बनाने में प्रतिभा, रमोना, गॉटलिब, एस्थर, डार्विन, प्रीति और रेचल सहित अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *