मृतका का फाइल फोटो
Social Sharing icon

बरेली। फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव में सोमवार को जमीन विवाद के बीच एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना को लेकर परिजनों और पुलिस के दावे आमने-सामने हैं। परिजनों ने जमीन पर कब्जे के विवाद में दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों से पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस का कहना है कि महिला की मौत बाइक दुर्घटना में सिर पर गंभीर चोट लगने से हुई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

शिवराजपुर निवासी मुकेश की पत्नी नन्हीं देवी (38) सोमवार सुबह करीब 10 बजे अपने बेटे अजीत के साथ जमीन की पैमाइश कराने के लिए जा रही थीं। बताया जा रहा है कि राजस्व विभाग ने सोमवार को पैमाइश की तारीख तय की थी। इसी सिलसिले में मां-बेटा गांव की ओर जा रहे थे।

पुलिस का दावा- पोल से टकराई बाइक, सिर में लगी चोट

पुलिस के अनुसार, जरौल और इटौरिया गांव के बीच सड़क किनारे पड़े एक बिजली के खंभे से अजीत की बाइक टकरा गई। हादसे में नन्हीं देवी सड़क पर गिर गईं और उनके सिर में गंभीर चोट आ गई। घायल अवस्था में उन्हें फरीदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं मृतका के पति मुकेश और परिजनों का आरोप है कि जमीन विवाद में दूसरे पक्ष के लोगों ने नगरिया और जरौल गांव के बीच रास्ते में उन्हें घेर लिया। आरोप है कि लाठी-डंडों से हमला कर नन्हीं देवी और उनके बेटे अजीत को पीटा गया, जिससे महिला के सिर में गंभीर चोट आई और उनकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि यह हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हमला है।

दो साल से चल रहा है जमीन का विवाद

अजीत ने बताया कि उनकी पैतृक जमीन पर शाहजहांपुर के कुछ लोग पिछले दो वर्षों से कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। वर्ष 2025 में उनके साथ मारपीट की गई थी, जिसमें उनका हाथ टूट गया था। इस मामले में जून 2025 में रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि इस साल गेहूं की फसल काटने से भी परिवार को रोका गया था। बाद में प्रशासन ने फसल कटवाकर उसकी राशि ग्राम प्रधान के पास जमा करवा दी थी और पैमाइश के बाद भुगतान करने की बात कही थी।

न्याय के लिए दर-दर भटक रहा परिवार

पीड़ित परिवार का कहना है कि वह तहसील समाधान दिवस, थाना दिवस और उच्च अधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री तक शिकायत कर चुका है, लेकिन अब तक विवाद का स्थायी समाधान नहीं हो सका। परिवार का आरोप है कि राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण में लगातार लापरवाही बरती जा रही है। सीओ फरीदपुर संदीप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की मौत बाइक के बिजली के खंभे से टकराने के बाद गिरने से हुई प्रतीत हो रही है। जमीन विवाद को लेकर मुकदमा पहले से न्यायालय में विचाराधीन है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed