बरेली। एंटी करप्शन की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसील सदर में तैनात संग्रह अमीन जोरावर सिंह को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर शिकायतकर्ता की फाइल आगे बढ़ाने और रिपोर्ट लगाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप था।
बारादरी क्षेत्र के सम्राट अशोक नगर नवादा जोगिया निवासी सुरेश चंद्र ने एंटी करप्शन से शिकायत की थी कि एनपीएस खाते से भूखंड खरीदने के लिए धन निकासी संबंधी आवेदन पर रिपोर्ट लगाकर फाइल आगे बढ़ाने के एवज में संग्रह अमीन जोरावर सिंह 5 हजार रुपये की मांग कर रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने ट्रैप की योजना तैयार की।
तहसील सदर की कैंटीन में हुई कार्रवाई
एंटी करप्शन के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने गुरुवार दोपहर करीब 2:45 बजे तहसील सदर परिसर स्थित कैंटीन में जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये लिए, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया।
भुता क्षेत्र का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जोरावर सिंह पुत्र स्वर्गीय शंकर लाल निवासी ग्राम अमलोनीपुर थाना भुता के रूप में हुई है। वह वर्तमान में तहसील सदर बरेली में संग्रह अमीन के पद पर तैनात है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में मुकदमा दर्ज
गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन की टीम ने आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार के मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।