up newsपुलिस की गिरफ्त में आरोपी

बरेली। बारादरी क्षेत्र के अर्जुन हत्याकांड में फरार चल रहे दूसरे आरोपी कुश को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कुश के अर्जुन की बहन के साथ प्रेम संबंध थे, अर्जुन ने इसका विरोध किया तो आरोपी कुश ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी।

इस मामले में बारादरी पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में लगी थीं। हत्या के मुख्य आरोपी अर्पित उर्फ पहाड़ी को पुलिस पहले ही मुठभेड़ में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब शनिवार को पुलिस ने मामले में वांछित चल रहे कुश पुत्र अंतराम उर्फ नन्हे कश्यप निवासी संजयनगर को डीडीपुरम पार्क के पास से गिरफ्तार कर लिया।

तीन साल के प्रेम संबंध से शुरू हुआ विवाद

पुलिस पूछताछ में आरोपी कुश ने बताया कि उसका अर्जुन की बहन से पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। अर्जुन इस रिश्ते का लगातार विरोध करता था। 15 जून को बेकरी के पास अर्जुन ने उसे थप्पड़ मार दिया था। अपमानित होकर उसने यह बात अपने साथियों अर्पित उर्फ पहाड़ी और कपिल को बताई। इसके बाद तीनों ने मिलकर अर्जुन को संजयनगर गौसाई गौटिया स्थित मंदिर के पास तिराहे पर रोक लिया। विवाद बढ़ने पर अर्पित उर्फ पहाड़ी ने तमंचे से अर्जुन को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए थे।

साथी का इंतजार कर रहा था, तभी दबोच लिया

गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी कपिल के आने का इंतजार करने के लिए डीडीपुरम पार्क में छिपा हुआ था। इसी दौरान पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले में फरार आरोपी कपिल की तलाश में जुटी है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र कुमार, निरीक्षक अपराध तारिक खान, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, कांस्टेबल निखिल तोमर और मोहम्मद बिलाल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *