बरेली। नवाबगंज पुलिस सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए मौके से मकान मालिक समेत एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी अपने मकान को देह व्यापार के लिए इस्तेमाल कर ग्राहकों से मोटी रकम वसूल रहा था। मौके से नकदी, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री भी बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक बुधवार को सूचना मिली कि ग्राम बिजौरिया रेलवे क्रॉसिंग से आगे कुंडरा कोठी मार्ग पर शिव मंदिर के पास धर्मकांटे के नजदीक जंगल में स्थित एक मकान में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना मिलते ही सीओ नवाबगंज के आदेश पर पुलिस टीम गठित कर मौके पर छापा मारा गया। दबिश के दौरान पुलिस ने मकान मालिक 35 वर्षीय कौशल शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित निवासी मियांपुर, थाना नवाबगंज और 26 वर्षीय निशा निवासी राजेंद्र नगर, थाना प्रेमनगर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि दोनों आपत्तिजनक स्थिति में मिले।
ग्राहकों से वसूली कर चलाया जा रहा था धंधा
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मकान मालिक कथित रूप से महिलाओं को बुलाकर ग्राहकों से रुपये लेकर कमरे उपलब्ध कराता था। आरोप है कि सड़क से गुजरने वाले लोगों को इशारों के जरिए बुलाकर देह व्यापार कराया जाता था। पुलिस ने मौके से 1900 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और अन्य सामग्री बरामद की है।
पहले भी जेल जा चुका है मुख्य आरोपी
गिरफ्तार आरोपी कौशल शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित के खिलाफ पहले भी नवाबगंज थाने में आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज हो चुका है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। इस मामले में थाना नवाबगंज में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी प्रकार के अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।