गाजियाबाद। खोड़ा थाना क्षेत्र में बकरीद के दिन हुए चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पांचवें आरोपी सारिक मेवाती को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस की गिरफ्तारी के बाद मामले में अब तक एक आरोपी मुठभेड़ में ढेर हो चुका है, जबकि कई अन्य आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।
इंदिरापुरम अंडरपास के पास दबोचा गया आरोपी
खोड़ा पुलिस लंबे समय से सारिक मेवाती की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने इंदिरापुरम अंडरपास के निकट नहर पटरी से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार सारिक मूल रूप से अलीगढ़ जिले के छर्रा क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में खोड़ा कॉलोनी के नवनीत विहार में रह रहा था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने साथियों और मुख्य आरोपी के पिता नवाब के साथ मिलकर सूर्या चौहान पर चाकुओं से हमला किया था।
सूर्या की मां बोलीं- अभी इंसाफ अधूरा
सारिक की गिरफ्तारी के बाद भी मृतक सूर्या चौहान के परिवार का गुस्सा शांत नहीं हुआ है। सूर्या की मां ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अभी भी कई आरोपी गिरफ्त से बाहर हैं। उन्होंने मांग की कि बाकी आरोपियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाए और उनके घरों पर बुलडोजर चलाया जाए। उनका कहना है कि सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होने पर ही उनके बेटे को वास्तविक न्याय मिलेगा।
बकरीद के दिन हुई थी दिल दहला देने वाली वारदात
28 मई को बकरीद के दिन सूर्या चौहान की चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने इतनी बेरहमी दिखाई कि गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद खोड़ा क्षेत्र में तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी, जिसके चलते भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा था।
मुख्य आरोपी एनकाउंटर में ढेर, कई आरोपी जेल में
पुलिस इससे पहले इस मामले के मुख्य आरोपी को मुठभेड़ में मार गिरा चुकी है। वहीं हत्या के षड्यंत्र और वारदात में शामिल मुख्य आरोपी के पिता नवाब, फरहान और अतीक समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा। सूर्या हत्याकांड को लेकर पुलिस पूरी सतर्कता के साथ कार्रवाई कर रही है ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे।