बरेलीसावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। पूरे सावन के प्रत्येक सोमवार को महानगर के सभी शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है। यह आदेश दिल्ली और बदायूं रोड के पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाले स्कूलों और कॉलेजों पर भी लागू रहेगा।

सावन के सोमवार को विभिन्न शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में कांवड़िए पहुंचते हैं। इस दौरान प्रमुख मार्गों पर भारी भीड़ और ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहता है। प्रशासन का मानना है कि ऐसी स्थिति में विद्यार्थियों की आवाजाही प्रभावित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

डीएम के आदेश पर सभी स्कूल रहेंगे बंद

डीएम के आदेश के अनुसार महानगर के यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई समेत सभी बोर्डों के विद्यालय, डिग्री कॉलेज, आईटीआई, पॉलीटेक्निक और अन्य तकनीकी शिक्षण संस्थानों में सावन के प्रत्येक सोमवार को विद्यार्थियों की छुट्टी रहेगी। इसके अलावा दिल्ली और बदायूं रोड के पांच किलोमीटर के दायरे में स्थित सभी शिक्षण संस्थानों में भी यही व्यवस्था लागू होगी।

शिक्षण एवं प्रशासनिक स्टाफ नियमित रूप से उपस्थित होना अनिवार्य

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए रहेगा। सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों का शिक्षण एवं प्रशासनिक स्टाफ नियमित रूप से उपस्थित रहेगा और कार्यालय संबंधी कार्य पूर्व की तरह संचालित होंगे।

बरेली कॉलेज में भी नहीं होगी पढ़ाई

डीएम के आदेश के अनुपालन में बरेली कॉलेज ने भी सावन के प्रत्येक सोमवार को पठन-पाठन स्थगित करने का निर्णय लिया है। कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. वंदना शर्मा ने बताया कि विद्यार्थियों की कक्षाएं नहीं चलेंगी, लेकिन कॉलेज का प्रशासनिक कार्य सामान्य रूप से जारी रहेगा।

परीक्षाओं पर नहीं पड़ेगा असर

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी सोमवार को विश्वविद्यालय अथवा किसी आयोग की पूर्व निर्धारित परीक्षा है, तो वह अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होगी। अवकाश का प्रभाव केवल नियमित शिक्षण कार्य पर रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *