up newsमुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपी

बरेली। शादी-ब्याह और दुकानों से नोटों की माला चोरी कर फरार होने वाले दो शातिर बदमाशों को अलीगंज पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी मौके से दबोच लिया गया। दोनों आरोपी अलीगंज और सिरौली क्षेत्र में हुई नोटों की माला चोरी की घटनाओं में वांछित थे।

इंस्पेक्टर सिरौली ने बताया कि 9 जून को थाना सिरौली क्षेत्र में पुनीत कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दो अज्ञात युवक उसकी दुकान से नोटों की माला चुराकर फरार हो गए। इसी दिन थाना अलीगंज क्षेत्र के राजपुरा कला निवासी मोहित ने भी रिपोर्ट दर्ज कराई कि दो युवक उसकी दुकान के काउंटर से 20 रुपये के नोटों की गड्डी और नोटों का हार उठाकर भाग गए। दोनों मामलों में चोरी का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। घटनाओं के खुलासे के लिए गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो दोनों वारदातों में एक ही बाइक और एक ही संदिग्ध दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी।

गुरुवार सुबह हुआ हाफ एनकाउंटर

गुरुवार तड़के करीब 3:50 बजे अलीगंज-सिरौली मार्ग पर पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सिरौली की ओर से एक बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे। पीछा करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान संभल जिले के कुड फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के बिचोटा काजी गांव निवासी साहिल मलिक पुत्र छोटे खान के रूप में हुई। उसके साथ पकड़े गए आरोपी की पहचान धर्मेंद्र कुमार पुत्र रामवीर सिंह यादव निवासी फिरोजपुर बोदा, थाना कुड फतेहगढ़, जनपद संभल के रूप में हुई।

तमंचा, कारतूस, नोटों की माला और बाइक बरामद

तलाशी के दौरान साहिल के कब्जे से एक तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। वहीं दोनों आरोपियों के पास से अलीगंज और सिरौली की चोरी की घटनाओं से संबंधित नोटों की मालाएं बरामद की गईं। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर बाइक भी कब्जे में ले ली, जो धर्मेंद्र के नाम पंजीकृत बताई जा रही है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मुठभेड़ और अवैध असलहा बरामदगी के संबंध में अलग से मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *