बरेली। इज्जतनगर क्षेत्र में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आईवीआरआई पुल पर चलती महिंद्रा कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार से धुआं और लपटें उठने लगीं। कार चला रहे युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी रोकी और कूदकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद पुल पर कुछ देर के लिए हड़कंप जैसी स्थिति बन गई।
चलती कार से उठीं लपटें
जानकारी के मुताबिक सोमवार दोपहर करीब दो बजे महिंद्रा कार डेलापीर की तरफ जा रही थी। जैसे ही कार आईवीआरआई पुल पर चढ़ी, इंजन के हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक कुछ समझ पाता उससे पहले ही कार में आग भड़क गई। आग की लपटें देखकर आसपास गुजर रहे वाहन चालक भी रुक गए। कार में आग लगते ही चालक ने तुरंत गाड़ी साइड में लगाई और बाहर निकल आया। कुछ ही सेकेंड में आग ने कार के अगले हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अगर युवक कुछ देर और करता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
दमकल टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। फायर कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। पुल पर आग लगने की वजह से कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को दूर हटाया और स्थिति को नियंत्रित किया। प्रारंभिक तौर पर कार में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि दमकल विभाग और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।