बरेली। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर ऑल इंडिया स्टेट बैंक स्टाफ फेडरेशन ने आंदोलन तेज कर दिया है। राष्ट्रव्यापी संगठनात्मक कार्यक्रम के तहत बुधवार को फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने बरेली सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार से मुलाकात कर कर्मचारियों की 15 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।

सांसद से बोले कर्मचारी नेता- बढ़ रहा कार्यस्थल पर दबाव

प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को बताया कि बैंक कर्मचारियों पर लगातार कार्यभार बढ़ता जा रहा है। इसके बावजूद कर्मचारियों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें लंबे समय से लंबित पड़ी हैं। फेडरेशन नेताओं ने कहा कि कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण, लंबित सुविधाएं और न्यायोचित अधिकार दिए जाने चाहिए। इसके लिए संसद और वित्त मंत्रालय स्तर पर हस्तक्षेप जरूरी है।

संसद में मुद्दा उठाने की मांग

फेडरेशन पदाधिकारियों ने सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार से आग्रह किया कि वे बैंक कर्मचारियों की समस्याओं को संसद और वित्त मंत्रालय के सामने मजबूती से रखें। कर्मचारी नेताओं का कहना था कि देशभर में एसबीआई कर्मचारी लंबे समय से समाधान की उम्मीद लगाए बैठे हैं, लेकिन अब तक बैंक प्रबंधन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं हुई है।

आंदोलन और तेज करने की चेतावनी

फेडरेशन नेताओं ने साफ कहा कि कर्मचारियों का आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक तरीके से चलाया जा रहा है। अगर जल्द मांगों पर निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान उप महामंत्री नवींद्र कुमार, क्षेत्रीय सचिव भूपेंद्र कुमार, आंचलिक सचिव मनोज कुमार, विकास कुमार और पूर्व उप महामंत्री सुनील कुमार मित्तल समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed