google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSपप्पू गिरधारी और मंत्री रेखा आर्या।

बरेली। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड एक बार फिर चर्चा में है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उनके खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला और बलवा समेत विभिन्न धाराओं में 39 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। वर्ष 1999 में उनकी हिस्ट्रीशीट भी खोली गई थी। हालांकि, पिछले 16 वर्षों से बरेली में कोई नया मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। वहीं, कल्पना मिश्रा उर्फ कल्पना चतुर्वेदी के खिलाफ मंत्री और उनके पति की ओर से दर्ज कराए गए दो मुकदमों तथा कथित वायरल ऑडियो ने पूरे विवाद को नया मोड़ दे दिया है।

मंत्री रेखा आर्या ने बारादरी थाने में दर्ज कराया था मुकदमा

कल्पना मिश्रा उर्फ कल्पना चतुर्वेदी और उनके मौसा डॉ. आरसी पांडेय के खिलाफ नौ सितंबर 2024 को उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बरेली के बारादरी थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। मंत्री ने आरोप लगाया था कि कल्पना ने उनके पद और उनके पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के नाम-पते का दुरुपयोग किया। शिकायत में चोरी, जालसाजी और अवैध वसूली जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे। मंत्री का आरोप था कि कल्पना ने अपने आधार कार्ड और पासपोर्ट जैसे व्यक्तिगत दस्तावेजों में उनके पति गिरधारी लाल साहू का नाम और बरेली स्थित आवास का पता दर्ज करा रखा था। इसके अलावा आरोप लगाया गया कि कल्पना जिस हुंडई क्रेटा कार से चलती थीं, उस पर उत्तराखंड सरकार का बोर्ड, हूटर और नीली-लाल बत्ती लगाई गई थी। मंत्री ने अपने आवास से सात लाख रुपये और सोने से जड़ी रुद्राक्ष की माला चोरी होने का आरोप भी लगाया था। इस मामले में कल्पना को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। बाद में उन्हें जमानत मिल गई।

पप्पू गिरधारी ने बहेड़ी में दर्ज कराई रंगदारी की रिपोर्ट

दूसरा मुकदमा मंत्री रेखा आर्या के पति पप्पू गिरधारी ने 19 जून 2026 को बहेड़ी थाने में दर्ज कराया था। इस मामले में उन्होंने आरोप लगाया कि कल्पना को रियल एस्टेट से जुड़े कामकाज की देखरेख के लिए रखा गया था, लेकिन बाद में वह हेराफेरी करने लगीं। शिकायत के मुताबिक, गड़बड़ी सामने आने पर कल्पना ने कथित तौर पर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इस संबंध में पहले बारादरी थाने में भी मुकदमा दर्ज कराया गया था। पप्पू गिरधारी ने आरोप लगाया कि इसके बाद कल्पना ने उन्हें ब्लैकमेल करते हुए बहेड़ी स्थित एक सर्राफ की दुकान पर बुलाया और 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया। इस मुकदमे में भी कल्पना को जेल भेजा गया था। हालांकि, 29 सितंबर को हाईकोर्ट से उन्हें जमानत मिल गई, लेकिन जेल से रिहाई की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हो सकी है।

वायरल ऑडियो से विवाद को मिला नया मोड़

इस बीच कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने पप्पू गिरधारी का एक कथित ऑडियो वायरल होने का मामला भी उठाया है। बताया जा रहा है कि ऑडियो में पप्पू गिरधारी एक महिला से बातचीत कर रहे हैं और उस महिला को कल्पना बताया जा रहा है। हालांकि, समाचार पत्र ‘हिन्दुस्तान’ ने ऑडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है। उत्तराखंड की फोरेंसिक लैब इस ऑडियो की जांच कर रही है।

मंत्री रेखा आर्य के पति पर दर्ज हैं 39 मुकदमे


रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उनके खिलाफ बरेली के बारादरी और इज्जतनगर थानों में हत्या, बलवा, जानलेवा हमला समेत विभिन्न धाराओं में 39 मुकदमे दर्ज हुए थे। वर्ष 1981 में पहला मुकदमा दर्ज हुआ था। वर्ष 1999 में उनकी हिस्ट्रीशीट खोली गई थी। गैंगस्टर और गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। हालांकि, पिछले 16 वर्षों से बरेली में उनके खिलाफ कोई नया मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता नहीं मिलने पर वर्ष 2014 में निगरानी बंद कर दी गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *