google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
bareillyपुलिस की गिरफ्त में दुकानदार और बरामद पटाखों का जखीरा।

बरेली। दिवाली से पहले बरेली के फरीदपुर में पटाखों का बड़ा जखीरा पकड़ा गया है। बीसलपुर रोड पर एक दुकानदार ने बिना लाइसेंस के करीब पांच लाख रुपये के पटाखे जमा कर रखे थे। पुलिस ने दुकान पर छापा मारा तो अंदर से 260 किलो पटाखे बरामद हुए। इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे मिलने से पुलिस भी हरकत में आ गई। मौके से दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पिछले साल मिले लाइसेंस की अवधि खत्म होने के बावजूद पटाखों का कारोबार कर रहा था।

फरीदपुर पुलिस शुक्रवार को इलाके में चेकिंग कर रही थी। इसी बीच मुखबिर ने बीसलपुर रोड की एक दुकान में बड़ी मात्रा में पटाखे जमा होने की खबर दी। सूचना मिलते ही पुलिस दुकान पर पहुंच गई। तलाशी शुरू हुई तो वहां पटाखों का भारी स्टॉक मिला। पुलिस ने दुकानदार से लाइसेंस दिखाने को कहा, लेकिन वह कोई वैध कागज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने पटाखे जब्त कर लिए। बरामद पटाखों की कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी गई है।

पिछले साल खत्म हो गया था लाइसेंस, फिर भी भर ली दुकान

पकड़ा गया दुकानदार फरीदपुर के मोहल्ला परा का रहने वाला 52 वर्षीय गंगाराम गुप्ता है। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि गंगाराम के पास पिछले साल पटाखे बेचने का लाइसेंस था, लेकिन उसकी वैधता खत्म हो चुकी थी। इस बार उसने लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं कराया। इसके बावजूद दिवाली पर बिक्री के लिए पटाखों की बड़ी खेप जमा कर ली। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अधिक कमाई के लालच में बिना लाइसेंस के पटाखों का भंडारण किया था।

260 किलो पटाखे जब्त, दुकानदार पर मुकदमा

पुलिस ने दुकान से बरामद सभी 260 किलो पटाखे कब्जे में ले लिए हैं। गंगाराम गुप्ता को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ फरीदपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। दिवाली नजदीक आते ही पटाखों की खरीद-बिक्री बढ़ने लगी है। इसी बीच फरीदपुर में इतनी बड़ी मात्रा में बिना लाइसेंस के पटाखे मिलने से अवैध भंडारण का मामला सामने आया है। एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर चल रही कार्रवाई के तहत फरीदपुर थाना प्रभारी अमित पांडेय और उनकी टीम ने यह खेप पकड़ी है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक जसबीर, तरुण समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *