नई दिल्ली। री-नीट यूजी 2026 की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 21 जून को होने वाली री-नीट परीक्षा के लिए एग्जाम सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी कर दी है। अब उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर यह देख सकते हैं कि उनका परीक्षा केंद्र किस शहर में आवंटित किया गया है।

NTA की ओर से जारी सिटी इंटिमेशन स्लिप में केवल परीक्षा शहर की जानकारी दी गई है, ताकि अभ्यर्थी समय रहते यात्रा और ठहरने की व्यवस्था कर सकें। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि यह एडमिट कार्ड नहीं है। प्रवेश पत्र परीक्षा से कुछ दिन पहले अलग से जारी किया जाएगा।

वेबसाइट पर लाइव हुई सिटी स्लिप

उम्मीदवार NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर अपने एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड की मदद से लॉगिन कर एग्जाम सिटी की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। सिटी स्लिप डाउनलोड करने के बाद अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र वाले शहर तक पहुंचने की योजना पहले से बना लें।

ऐसे करें डाउनलोड

  • आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाएं।
  • “Advance City Intimation for NEET (UG) 2026 Re-Examination” लिंक पर क्लिक करें।
  • एप्लीकेशन नंबर, पासवर्ड और सिक्योरिटी पिन दर्ज करें।
  • सबमिट करते ही एग्जाम सिटी की जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देगी।
  • स्लिप डाउनलोड कर उसका प्रिंट सुरक्षित रख लें।

21 जून को होगी परीक्षा

री-नीट यूजी 2026 परीक्षा 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक पेन एंड पेपर मोड में आयोजित की जाएगी। परीक्षा भारत के 551 शहरों और विदेशों के 14 शहरों में कराई जाएगी।

पेपर लीक विवाद के बाद हो रही दोबारा परीक्षा

गौरतलब है कि 3 मई को आयोजित नीट यूजी परीक्षा पेपर लीक के आरोपों के बाद विवादों में घिर गई थी। इसके बाद NTA ने परीक्षा निरस्त कर दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया। अब लाखों अभ्यर्थी 21 जून को होने वाले री-एग्जाम में शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *