पीलीभीत। भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली की टीम ने बुधवार को पीलीभीत में बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला उद्योग केंद्र के वरिष्ठ सहायक हिमांशु कुमार को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत वाटर प्लांट लगाने के लिए ऋण स्वीकृत कराने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
शिकायत पर बिछाया जाल, रंगे हाथ पकड़ा
भ्रष्टाचार निवारण संगठन की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, पीलीभीत के बहादुरपुर हुक्मी निवासी सुरेंद्र कुमार ने टीम से शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत वाटर प्लांट लगाने के लिए ऋण स्वीकृत कराने के बदले जिला उद्योग केंद्र में तैनात वरिष्ठ सहायक हिमांशु कुमार उनसे पांच हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। शिकायत का संज्ञान लेते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली की ट्रैप टीम ने नियमानुसार कार्रवाई की योजना बनाई।
कार्यालय में दोपहर 12:20 बजे हुई कार्रवाई
बुधवार को ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक इश्तियाक वारसी के नेतृत्व में टीम ने जिला उद्योग केंद्र पीलीभीत में कार्रवाई की। दोपहर करीब 12:20 बजे आरोपी हिमांशु कुमार को शिकायतकर्ता से पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।
लखनऊ मुख्यालय के निर्देश पर हुई कार्रवाई
उत्तर प्रदेश शासन की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उपमहानिरीक्षक और भ्रष्टाचार निवारण संगठन के पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के अनुपालन में की गई। बरेली मंडल की ट्रैप टीम ने आरोपी के विरुद्ध पीलीभीत कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की है।