वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय नर्सिंग छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। शुरुआती जांच में जिस मामले को केवल हत्या माना जा रहा था, वह अब रेप, हत्या और सबूत मिटाने की गंभीर वारदात के रूप में सामने आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छात्रा के साथ बर्बर तरीके से दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धाराएं बढ़ा दी हैं।

बुधवार सुबह छात्रा का शव एक बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर मिला था। मौके की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। हालांकि छात्रा के शरीर पर मिले संकेतों और परिजनों के आरोपों के बाद मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही थी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ सनसनीखेज खुलासा

दो डॉक्टरों के पैनल द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में सामने आया कि छात्रा के प्राइवेट पार्ट में गंभीर अंदरूनी चोटें थीं। रिपोर्ट के अनुसार अत्यधिक इंटरनल ब्लीडिंग और इम्रोजिक शॉक के कारण उसकी मौत हुई। जांच में पाया गया कि अंदरूनी दीवारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थीं, जिससे भारी रक्तस्राव हुआ और छात्रा की जान चली गई।

रेप और सबूत मिटाने की धाराएं बढ़ीं

एडीसीपी वरुणा जोन लिपि नागयाच ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद परिजनों की तहरीर के आधार पर हत्या के साथ-साथ दुष्कर्म और सबूत मिटाने की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी मोहम्मद समीर को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

मोबाइल छिपाने से गहराया शक

पुलिस के अनुसार छात्रा का मोबाइल फोन घटना के बाद गायब मिला था। जांच में सामने आया कि आरोपी ने मोबाइल छिपाने की कोशिश की थी, जिसके चलते सबूत मिटाने की धारा भी जोड़ी गई है। पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। एडीसीपी ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों में छात्रा की प्रेग्नेंसी और एबॉर्शन को लेकर चल रही चर्चाएं पूरी तरह गलत हैं। विवेचना के दौरान ऐसी किसी बात की पुष्टि नहीं हुई है।

ऐसे सामने आया था मामला

बुधवार सुबह नर्सिंग की छात्रा का शव सारनाथ क्षेत्र स्थित एक बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर मिला था। छात्रा के प्राइवेट पार्ट से अत्यधिक खून बह रहा था। उसके बैग में कुछ दवाएं और क्रीम भी मिली थीं, जबकि मोबाइल फोन गायब था। कॉल डिटेल की जांच के बाद पुलिस ने उसी कॉलेज में पढ़ने वाले मोहम्मद समीर को हिरासत में लिया था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद यह मामला प्रदेश के चर्चित अपराधों में शामिल हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *