बरेली। एक महिला ने दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और फिर कथित तौर पर 10 लाख रुपये में उसका सौदा करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि स्थानीय युवक ने पहले उसके साथ दुष्कर्म कर वीडियो बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर उत्तराखंड के रुद्रपुर निवासी करीब 70 वर्षीय व्यक्ति के पास भेज दिया। वहां उसे कथित तौर पर बंधक बनाकर यौन उत्पीड़न किया गया। किसी तरह वहां से निकलकर बरेली पहुंची महिला ने सीबीगंज थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपों की जांच शुरू कर दी है।
सीबीगंज क्षेत्र के एक गांव में किराये के मकान में रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि वह गांव के ही एक युवक के घर चौका-बर्तन का काम करती थी। आरोप है कि करीब चार महीने पहले युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया और इस दौरान अश्लील वीडियो भी बना लिया। महिला का आरोप है कि इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार डराया गया। बाद में आरोपी ने रुद्रपुर निवासी करीब 70 वर्षीय व्यक्ति से कथित तौर पर 10 लाख रुपये में उसका सौदा कर दिया।
रुद्रपुर में कमरे में किया बंद, मोबाइल और जेवर छीनने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि रुद्रपुर पहुंचने के बाद उसे एक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया। उसका मोबाइल फोन, जेवर, अंगूठी और रुपये छीन लिए गए, ताकि वह किसी से संपर्क न कर सके और वहां से भाग न पाए। आरोप है कि हथियार दिखाकर उसे डराया-धमकाया जाता था और विरोध करने पर मारपीट तथा जान से मारने की धमकी दी जाती थी। महिला ने वहां कुछ लोगों पर बार-बार यौन उत्पीड़न करने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक वह किसी तरह उनके चंगुल से निकलने में सफल हुई और वापस सीबीगंज पहुंची।
भागकर बरेली पहुंची, अब वीडियो वायरल करने की धमकी का आरोप
महिला का दावा है कि रुद्रपुर से निकलने के बाद भी उसकी मुश्किलें खत्म नहीं हुईं। आरोपी उसे तलाश रहे हैं और कथित अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी जा रही है। शुक्रवार शाम महिला सीबीगंज थाने पहुंची और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए तहरीर दी। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि महिला की ओर से लगाए गए आरोप गंभीर हैं और मामले की जांच शुरू करा दी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।