बरेली। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) बरेली शाखा के चुनाव में अध्यक्ष पद पर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने बड़ी जीत दर्ज की। उन्होंने 521 मत हासिल कर डॉ. ई. भास्कर को 260 मतों के भारी अंतर से पराजित किया। वहीं, कोषाध्यक्ष पद का मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। डॉ. राजवीर सिंह गंगवार महज छह मतों से जीत सके।
अध्यक्ष पद पर मुकाबला हुआ एकतरफा
रविवार को आईएमए भवन में मतदान और मतगणना कराई गई। अध्यक्ष पद के चुनाव में शुरुआत से ही डॉ. हिमांशु अग्रवाल का दबदबा दिखाई दिया। उन्हें कुल 521 मत मिले, जबकि प्रतिद्वंद्वी डॉ. ई. भास्कर केवल 261 मत हासिल कर सके। इस तरह डॉ. हिमांशु ने 260 मतों के बड़े अंतर से अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। चुनाव कमेटी के चेयरमैन डॉ. विमल भारद्वाज के मुताबिक, नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. हिमांशु अग्रवाल वर्ष 2027-28 में पदभार संभालेंगे।
उपाध्यक्ष की दो कुर्सियों पर तीन दावेदार
अध्यक्ष पद से अधिक गहमागहमी उपाध्यक्ष पद को लेकर रही। दो पदों के लिए तीन चिकित्सक मैदान में थे। डॉ. अंशु अग्रवाल ने सर्वाधिक 572 मत हासिल किए। डॉ. शालिनी माहेश्वरी 415 मत लेकर दूसरे स्थान पर रहीं। दोनों को उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। तीसरे प्रत्याशी डॉ. वीर महेंद्र पाल सिंह गंगवार को 316 मत मिले।
छह वोट ने तय किया कोषाध्यक्ष का फैसला
कोषाध्यक्ष पद की मतगणना ने प्रत्याशियों और समर्थकों की धड़कनें बढ़ा दीं। डॉ. राजवीर सिंह गंगवार को 392 मत मिले, जबकि डॉ. कर्मेंद्र सिंह ने 386 मत हासिल किए। सिर्फ छह मतों के अंतर ने डॉ. राजवीर को जीत दिला दी। नतीजे घोषित होने के बाद अध्यक्ष पद की बड़ी जीत से ज्यादा चर्चा कोषाध्यक्ष पद के कांटे के मुकाबले की रही।
नतीजा आते ही ढोल की थाप पर झूमे समर्थक
चुनाव परिणाम घोषित होते ही आईएमए भवन का माहौल जश्न में बदल गया। विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने पंजाबी ढोल की थाप पर खुशी मनाई। इस दौरान आईएमए उत्तर प्रदेश के निर्वाचित अध्यक्ष डॉ. रवीश अग्रवाल भी मौजूद रहे।
तीन पदों पर पहले ही हो चुका था निर्विरोध निर्वाचन
निर्धारित पदों के मुकाबले सिर्फ एक-एक नामांकन मिलने के कारण तीन प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे। मानद सचिव पद पर डॉ. मोहित अग्रवाल, जनसंपर्क अधिकारी पद पर डॉ. मयंक कुमार गुप्ता और अस्पताल सलाहकार समिति सदस्य पद पर डॉ. रितु राजीव निर्वाचित हुईं।
डॉक्टरों की सुरक्षा और अस्पताल पंजीकरण रहेगा मुद्दा
नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने कहा कि डॉक्टरों की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता होगी। अस्पताल, पैथोलॉजी और रेडियोलॉजी सेंटर के पंजीकरण में आने वाली अड़चनों को दूर कराने के साथ चिकित्सकों की नियमित स्वास्थ्य जांच और सामाजिक सेवा के कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे। उपाध्यक्ष डॉ. अंशु अग्रवाल ने आयुष्मान योजना के तहत अस्पतालों का लंबित भुगतान जारी कराने और खेल गतिविधियों के जरिये डॉक्टरों की सेहत बेहतर बनाने की बात कही। डॉ. शालिनी माहेश्वरी ने चिकित्सकों और अस्पतालों के हित के साथ मरीजों को बेहतर इलाज दिलाने वाले फैसलों का समर्थन करने का भरोसा दिया। कोषाध्यक्ष डॉ. राजवीर सिंह गंगवार ने कहा कि अस्पतालों में डॉक्टरों से मारपीट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी विधिक कार्रवाई की मांग उठाई जाएगी।
एक अक्तूबर को कार्यभार संभालेंगे डॉ. डीपी गंगवार
पिछले वर्ष निर्वाचित डॉ. डीपी गंगवार एक अक्तूबर से आईएमए अध्यक्ष का कार्यभार संभालेंगे। उन्होंने बताया कि रक्त की बढ़ती जरूरत को देखते हुए आईएमए की ओर से एक और ब्लड बैंक स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा। अस्पतालों के पंजीकरण एवं नवीनीकरण की बाधाएं दूर कराने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय भी किया जाएगा। अन्य नवनिर्वाचित पदाधिकारी वर्ष 2026-27 में डॉ. डीपी गंगवार की अध्यक्षता वाली कार्यकारिणी के साथ काम करेंगे।