बरेली। किला पुल पर रविवार रात शराब के नशे में ट्रक चालक ने ऐसा तांडव मचाया कि सड़क पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। बेकाबू ट्रक ने रास्ते में कई वाहनों को टक्कर मार दी। स्कूटी समेत कई वाहन ट्रक की चपेट में आ गए। इसके बाद ट्रक सत्यप्रकाश पार्क में जा घुसा। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।
बेकाबू ट्रक ने वाहनों को मारी टक्कर, मची अफरा-तफरी
बताया जा रहा है कि ट्रक चालक शराब के नशे में था। किला पुल पर पहुंचते ही ट्रक बेकाबू हो गया और सामने चल रहे वाहनों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ता चला गया। अचानक हुए हादसे से सड़क पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
सत्यप्रकाश पार्क में जाकर रुका ट्रक
कई वाहनों को टक्कर मारने के बाद ट्रक सड़क से आगे बढ़ते हुए सत्यप्रकाश पार्क में जा घुसा। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। लोगों ने घायलों को संभाला और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
अजीम मियां की मौत, परिवार में मचा कोहराम
हादसे में जखीरा, कुबड़ी पाकड़ निवासी 40 वर्षीय अजीम मियां पुत्र वजीर खान गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अजीम की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया।
अफजल हुसैन समेत कई लोग घायल
हादसे में किला थाना क्षेत्र के कंघी टोला निवासी अफजल हुसैन भी घायल हुए हैं। इसके अलावा कई अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।