bareillyनिरीक्षण करतीं बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय

बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित दौरे से पहले बीडीए ने विकास परियोजनाओं की रफ्तार तेज कर दी है। उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने मोर्चा संभालते हुए शहर की प्रमुख योजनाओं का निरीक्षण किया और जहां भी लापरवाही, देरी या बाधाएं मिलीं, वहां अधिकारियों और ठेकेदारों को मौके पर ही सख्त निर्देश जारी किए।

बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने इंडस्ट्रियल टाउनशिप में भूमि अर्जन की स्थिति, परियोजना की प्रगति और सामने आ रही बाधाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी लाने और प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही परियोजना को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने की संभावनाओं पर गंभीरता से मंथन किया गया, ताकि बरेली में बड़े उद्योगों, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकें।

पीएम आवास के लाभार्थियों को जल्द मिलेगा कब्जा

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निजी बिल्डरों द्वारा बनाए जा रहे आवासों का भी निरीक्षण किया गया। बीडीए उपाध्यक्ष ने पात्र लाभार्थियों को जल्द आवंटन और कब्जा दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही आवासीय परिसरों को अधिक सुविधाजनक और जनोपयोगी बनाने के लिए आवश्यक सुधार कार्यों पर जोर दिया। साइंस पार्क और बॉक्स विलेज परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने ठेकेदारों और अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्य की रोजाना निगरानी की जाए और समयबद्ध तरीके से गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए।

बरेली

मुख्यमंत्री कंपोजिट स्कूल पर भी फोकस

निर्माणाधीन मुख्यमंत्री कंपोजिट स्कूल परियोजना का निरीक्षण करते हुए उन्होंने गुणवत्ता की समीक्षा की और कार्य में आवश्यक वैल्यू एडिशन के सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय का निर्माण जल्द पूरा हो ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षिक सुविधाएं समय पर मिल सकें। अल्प आय वर्ग (एलआईजी) और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए प्रस्तावित आवासीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपाध्यक्ष ने निर्माण में आ रही अड़चनों को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का कार्य जल्द शुरू होना चाहिए ताकि जरूरतमंद परिवारों को आवास का लाभ मिल सके।

रुद्र वनम पार्क को बनाया जाएगा भव्य आकर्षण

नाथ नगरी की पहचान से जुड़ी रुद्र वनम पार्क योजना का भी निरीक्षण किया गया। मुख्यमंत्री की विशेष रुचि वाली इस परियोजना को और अधिक भव्य, दिव्य और आकर्षक स्वरूप देने के लिए अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। महादेवपुरम आवासीय योजना की समीक्षा के दौरान उपाध्यक्ष ने इसे अधिक आकर्षक, सुव्यवस्थित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने पर जोर दिया। अधिकारियों को योजना में आवश्यक सुधार और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

पानी, सीवर और जलनिकासी परियोजनाओं पर भी नजर

ग्रेटर बरेली योजना के तहत निर्माणाधीन ओवरहेड वाटर टैंक की धीमी प्रगति पर ठेकेदार को फटकार लगाई गई। बीसलपुर रोड पर बन रहे नाले और निर्माणाधीन एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) का भी निरीक्षण किया गया। उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि सभी परियोजनाएं तय समयसीमा में पूरी हों और ट्रीटेड वाटर का अधिकतम उपयोग हरित क्षेत्रों, सिंचाई और अन्य जनोपयोगी कार्यों में किया जाए। उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री की विकासपरक सोच के अनुरूप बरेली की सभी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाना प्राथमिकता है। निरीक्षण का उद्देश्य बाधाओं को दूर कर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध विकास सुनिश्चित करना है, ताकि बरेली को आधुनिक और सुनियोजित शहर के रूप में नई पहचान मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *