बरेली। मोबाइल छिनैती की वारदातों पर शिकंजा कसते हुए सुभाषनगर पुलिस ने मंगलवार तड़के एक शातिर बदमाश को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश कर रहे आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन, बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। वहीं उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
14 जून को पुराना चांदमारी निवासी विशाल ने सुभाषनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 12 जून को रामगंगा क्षेत्र से लौटते समय बीडीए गेट के पास बाइक सवार दो बदमाश उसका मोबाइल छीनकर फरार हो गए थे। मामले में एफआईआर दर्ज कर पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। मंगलवार तड़के करीब एक बजे सुभाषनगर पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो बदमाश बाइक पर सवार होकर किसी वारदात की फिराक में क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बरेली-बदायूं रोड पर कामाख्या देवी मंदिर जाने वाले मार्ग के पास घेराबंदी कर दी।
पुलिस पर झोंका फायर, जवाब में चली गोली
कुछ देर बाद बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक रामगंगा क्षेत्र की ओर से आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों बदमाश बाइक मोड़कर कच्चे रास्ते से भागने लगे। पीछा करने पर बाइक के पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही गिर पड़ा।
घायल बदमाश की पहचान, साथी फरार
पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम समीर पुत्र नसीम जावेद (27 वर्ष) निवासी जगतपुर चौकी, सब्जी मंडी क्षेत्र, थाना बारादरी बताया। उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और छिनैती में लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहले से दर्ज हैं चार आपराधिक मुकदमे
पुलिस जांच में सामने आया है कि समीर के खिलाफ बरेली के विभिन्न थानों में अपहरण, चोरी, धोखाधड़ी समेत चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ और अवैध हथियार बरामदगी के मामले में उसके खिलाफ अलग से मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सुभाषनगर इंस्पेक्टर सतीश कुमार नैन का कहना है कि मोबाइल छिनैती की घटना का सफल अनावरण कर लिया गया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।