परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करते रिटायर्ड आईजी डॉ राकेश सिंह

बरेली। टीजीटी चयन परीक्षा के दूसरे दिन भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता और शुचिता का संदेश देने के लिए आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक एवं पूर्व आईजी डॉ. राकेश सिंह गुरुवार को बिशप मंडल इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पहुंचे। उन्होंने परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी और परीक्षा संचालन की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि मेधावी युवाओं का हक छीनने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी कीमत पर परीक्षा की निष्पक्षता से समझौता नहीं होगा।

नकल माफिया पर कड़ी नजर, हर गतिविधि की निगरानी

पूर्व आईजी डॉ. राकेश सिंह ने परीक्षा कक्षों का भ्रमण कर केंद्र व्यवस्थापकों और अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुरूप प्रदेश में आयोजित हो रही सभी भर्ती परीक्षाओं को पूर्ण पारदर्शिता, शुचिता और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराया जा रहा है। परीक्षा प्रक्रिया को सुरक्षित बनाने के लिए हर स्तर पर निगरानी बढ़ाई गई है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

अक्टूबर तक पांच बड़ी परीक्षाओं की तैयारी

डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि शिक्षक भर्ती, प्रधानाचार्य चयन समेत अक्टूबर तक करीब पांच महत्वपूर्ण परीक्षाएं आयोजित होनी हैं। इन सभी परीक्षाओं को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की गई है। सुरक्षा एजेंसियों, प्रशासन और परीक्षा आयोग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है ताकि किसी भी तरह की अनियमितता की संभावना समाप्त की जा सके।

सीसीटीवी और बायोमेट्रिक बना सुरक्षा कवच

उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी और बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। साल्वर गैंग, फर्जी अभ्यर्थियों और परीक्षा माफियाओं पर विशेष नजर रखी जा रही है। परीक्षा केंद्रों के भीतर और बाहर दोनों स्थानों पर सतर्क निगरानी की जा रही है।

पहले ही दिन पकड़े गए थे दो सॉल्वर

टीजीटी परीक्षा के पहले दिन ही बायोमेट्रिक जांच ने दो फर्जी अभ्यर्थियों की पोल खोल दी थी। इस्लामिया इंटर कॉलेज केंद्र पर विजय प्रताप सिंह के स्थान पर प्रमोद यादव और बरेली कॉलेज केंद्र पर रविंद्र की जगह अमेठी निवासी राम मनोहर प्रजापति परीक्षा देने पहुंचा था। दोनों को पकड़कर संबंधित थानों में मुकदमा दर्ज कराया गया। इस कार्रवाई के बाद परीक्षा माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।

मेधावी युवाओं का अधिकार सर्वोपरि

पूर्व आईजी डॉ. राकेश सिंह ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्षता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। योग्य और मेहनती अभ्यर्थियों का अधिकार सुरक्षित रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसलिए किसी भी स्तर पर गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *