up newsपेट्रोल पंप से उठता धूंआ।

बरेली। शहर के व्यस्ततम सिविल लाइंस इलाके में प्रभा टॉकीज के सामने स्थित इंडियन पेट्रोल पंप पर शनिवार को अचानक अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा के लिए रखा अग्निशमन सिलेंडर अचानक लीक होने के बाद तेजी से उसका एजेंट बाहर निकलने लगा। पेट्रोल-डीजल जैसे अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थों के बीच अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद लोग घबरा गए और कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आसपास के इलाके में भी घटना की खबर फैलते ही हड़कंप मच गया।

पेट्रोल पंप पर वाहनों में सामान्य रूप से ईंधन भरा जा रहा था। इसी दौरान वहां सुरक्षा के लिए रखा फायर एक्सटिंग्विशर अचानक लीक हो गया। सिलेंडर से तेजी से अग्निशमन एजेंट निकलता देखकर पंप पर मौजूद लोग किसी अनहोनी की आशंका से सहम गए। कर्मचारी भी स्थिति संभालने में जुट गए।

0

टैंकर में आग की चर्चा ने बढ़ाई दहशत

घटना के बीच सबसे गंभीर बात पेट्रोलियम टैंकर को लेकर सामने आई। सूत्रों के मुताबिक पंप पर मौजूद टैंकर में आग लगने की स्थिति बनी थी और उसे समय रहते बुझा लिया गया। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पेट्रोलियम पदार्थ से भरे टैंकर में आग लगने की बात सही है तो मामला बेहद गंभीर है, क्योंकि आग फैलने की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता था। राहत की बात यह रही कि घटना ने विकराल रूप नहीं लिया और हालात को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। पेट्रोल पंप घनी आबादी और व्यस्त इलाके में स्थित होने के कारण यहां किसी भी बड़ी आग की स्थिति आसपास के क्षेत्र के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती थी।

सुरक्षा के लिए रखा सिलेंडर खुद कैसे हुआ लीक?

घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल अग्निसुरक्षा उपकरणों के रखरखाव पर खड़ा हो गया है। सुरक्षा के लिए रखा फायर सिलेंडर आखिर अचानक लीक कैसे हुआ? उसकी आखिरी बार जांच कब हुई थी? सिलेंडर की वैधता और प्रेशर की स्थिति क्या थी? इन सवालों का जवाब अभी सामने नहीं आया है। पूरे घटनाक्रम को लेकर पेट्रोल पंप के कर्मचारी, मैनेजर अथवा मालिक की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में टैंकर में आग लगने की चर्चा और फायर सिलेंडर के लीक होने की वास्तविक वजह की पुष्टि संबंधित विभाग अथवा पंप प्रबंधन का पक्ष सामने आने के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *