up newsदुकान में लगी आग

बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के बैरियर नंबर-1 चौकी इलाके में मंगलवार तड़के एयरफोर्स गेट के पास स्थित पी कुमार स्वीट हाउस में भीषण आग लग गई। रात करीब दो बजे दुकान से उठती आग की ऊंची लपटों और धुएं के गुबार ने पूरे इलाके को दहला दिया। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही मिनटों में उसने पूरी दुकान और स्टोर को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया और आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार दुकान के अंदर कई एलपीजी सिलिंडर रखे हुए थे। आग बढ़ने के साथ सिलिंडर भी उसकी चपेट में आ गए। इसी दौरान एक सिलिंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास रहने वाले लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। लोगों को आशंका थी कि आग और विस्फोट बढ़ने पर बड़ा हादसा हो सकता है। कुछ समय के लिए पूरे इलाके में दहशत और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

छह दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

स्थानीय लोगों की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए एक के बाद एक कुल छह दमकल गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। अग्निशमन कर्मियों ने कई घंटे तक लगातार पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोका। आग इतनी विकराल थी कि उसे काबू करने में दमकल कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। राहत की बात यह रही कि आग आसपास की अन्य दुकानों और मकानों तक नहीं पहुंची, अन्यथा नुकसान कहीं अधिक बड़ा हो सकता था।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच शुरू

अग्निश्मन अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि एयरफोर्स गेट के पास स्थित पी कुमार स्वीट हाउस और उसके स्टोर में आग लगी थी। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। आग से दुकान में रखा मिठाई बनाने का सामान, फर्नीचर, मशीनें और अन्य सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई। घटना के बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है, लेकिन माना जा रहा है कि आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *