Social Sharing icon

पीलीभीत। पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव शेरपुर कलां में पारिवारिक विवाद ने ऐसा खूनी मोड़ ले लिया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। बहन और बहनोई के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने पहुंचे युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हमले में युवक की बहन और चाचा भी घायल हो गए। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के मुताबिक पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव शेरपुर कलां निवासी 28 वर्षीय जीशान की बहन नेहा का अपने पति हसीब से काफी समय से विवाद चल रहा था। परिवार के लोग दोनों के बीच समझौता कराने की कोशिश कर रहे थे। शनिवार को जीशान अपनी बहन का घर बचाने और विवाद खत्म कराने के इरादे से बहनोई हसीब के घर पहुंचा था। शुरुआत में बातचीत सामान्य रही, लेकिन कुछ ही देर में माहौल तनावपूर्ण हो गया।

देखते ही देखते शुरू हो गई मारपीट

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कहासुनी अचानक हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि हसीब और उसके पक्ष के लोगों ने जीशान को घेर लिया और लाठी-डंडों से जमकर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची जीशान की बहन नेहा और उसके चाचा जानिसार को भी पीटा गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक जीशान गंभीर रूप से घायल हो चुका था। परिजन आनन-फानन में जीशान को अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। गांव में भी घटना को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला। महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है।

हत्या और दहेज उत्पीड़न का मुकदमा

मृतक के पिता इरशाद ने पूरनपुर कोतवाली में तहरीर देकर हसीब समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने हत्या और दहेज उत्पीड़न की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं घायल नेहा और जानिसार का इलाज जारी है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *