Social Sharing icon

Gorakhpur। बेलघाट इलाके के मुकारीपुर गांव में शादी के महज पांच महीने बाद एक ऐसा खौफनाक कांड सामने आया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। 25 वर्षीय शादाब ने अपनी गर्भवती पत्नी निकहत निशा की पहले हत्या की और फिर खुद फांसी लगाकर जान दे दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि शादाब ने पहले पत्नी को जहर दिया, फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद खुद पंखे से लटक गया।

बचपन का रिश्ता, मोबाइल पर प्यार और फिर दर्दनाक अंत

निकहत और शादाब रिश्ते में फुफेरे भाई-बहन थे। बचपन में ही दोनों का रिश्ता तय कर दिया गया था। निकहत मुंबई में पली-बढ़ी थी, जबकि शादाब गांव के माहौल में रहा। बड़े होने पर दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत शुरू हुई और प्यार हो गया। परिवार की रजामंदी के बाद 7 नवंबर 2025 को दोनों का निकाह हुआ था। शादी के बाद निकहत मुंबई छोड़कर गोरखपुर आ गई थी।

कपड़ों को लेकर रोज होता था झगड़ा

पुलिस जांच में सामने आया है कि निकहत का लोवर-टीशर्ट पहनना शादाब को पसंद नहीं था। वह उसे बिरादरी और परंपरा का हवाला देकर पारंपरिक कपड़े पहनने के लिए कहता था। वहीं निकहत आधुनिक सोच वाली थी और वह खुद को पुराने नियमों में बांधना नहीं चाहती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था।

बेरोजगारी बनी रिश्ते में जहर

शादाब बेरोजगार था और ज्यादातर समय घर पर ही रहता था। निकहत अक्सर उसे काम करने और जिम्मेदारी उठाने के लिए कहती थी। पुलिस को दोनों के मोबाइल फोन से मिले चैट और मैसेज में रिश्ते में बढ़ती कड़वाहट के सबूत मिले हैं। निकहत ने मैसेज में लिखा था कि वह घर में कैद होकर नहीं रह सकती, जबकि शादाब ने जवाब दिया था कि उनकी बिरादरी की लड़कियां इस तरह के कपड़े नहीं पहनतीं।

सुबह खिड़की से देखा तो उड़ गए होश

मंगलवार सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो शादाब की बहन सुमैया ने आवाज लगाई। कोई जवाब नहीं मिलने पर उसने खिड़की से झांका। अंदर का मंजर देखकर उसके होश उड़ गए। शादाब पंखे से लटका हुआ था, जबकि निकहत बेड पर मृत पड़ी थी और उसके मुंह से झाग निकल रहा था। एसपी साउथ दिनेश पुरी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हो गया है कि पति ने पहले पत्नी की हत्या की और बाद में आत्महत्या की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *